बलरामपुर

विश्व पर्यावरण दिवस पर चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने किया पौधारोपण
06-Jun-2026 4:19 PM
विश्व पर्यावरण दिवस पर चला ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, जनप्रतिनिधियों व अफसरों ने किया पौधारोपण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजपुर, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन मंडल बलरामपुर के निर्देशन में वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत हरीतिमा परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पौधों की देखरेख एवं संरक्षण की शपथ ली। साथ ही प्रतिवर्ष कम से कम एक पौधा लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मंत्री शिवनाथ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान मातृ सम्मान और प्रकृति संरक्षण का संदेश देने वाला अभिनव प्रयास है। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्षारोपण से न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण भी प्राप्त होगा। उन्होंने युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने कहा कि शासन, प्रशासन एवं वन विभाग के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुडऩे और पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

उपवन मंडल अधिकारी रविशंकर त्रिपाठी ने बताया कि विभाग द्वारा प्रतिवर्ष पौधारोपण कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं। इस वर्ष भी विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सहभागिता से किया गया है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी अजय वर्मा ने कहा कि माता-पिता का स्थान जीवन में सर्वोपरि होता है और ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान इसी भावना को समर्पित है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में बरगद, पीपल सहित हर्रा, चार जैसी उपयोगी एवं विलुप्तप्राय प्रजातियों के पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, जिला सदस्य रवि प्रताप मरावी, संतोष तिवारी, बबलू यादव, महेंद्र गुप्ता, संदीप सोनी, राजेश यादव, प्रशांत सिंह, सुनील गुप्ता, तहसीलदार कावेरी मुखर्जी, तहसीलदार नरेंद्र कुमार कंवर, डिप्टी रेंजर सुशील सिंह ठाकुर, अमित प्रताप सिंह, मालती माझी, सुदामा विश्वकर्मा, रंजीत मिंज सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट