बलरामपुर
भैंसें, पिकअप-कार जब्त, फरार आरोपियों की तलाश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,16 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पशु तस्करी एवं अवैध पशु परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना राजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पशु तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। मामले में अब तक दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को क्रूरतापूर्वक पिकअप वाहन में भरकर उत्तर प्रदेश की ओर ले जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए थाना राजपुर पुलिस ने ग्राम गोपालपुर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक यूपी-65 क्यू टी-1375 को रोका। जांच के दौरान वाहन में 12 भैंसों को अमानवीय ढंग से ठूंस-ठूंसकर भरा हुआ पाया गया।
कार्रवाई के दौरान पिकअप चालक अशोक गिरी, निवासी चंदौली (उत्तर प्रदेश) को मौके से गिरफ्तार किया गया था, जबकि उसके अन्य साथी फरार हो गए थे। विवेचना में सामने आया कि आरोपी आपस में मिलकर मवेशियों को वध के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश ले जाने की तैयारी में थे।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य एवं मुखबिर की सूचना के आधार पर फरार आरोपी सलमान उर्फ सहजाद आलम निवासी विष्णुपुरा महादेवपुर, चौकी डीन्दो, थाना त्रिकुंडा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
थाना राजपुर में अपराध क्रमांक 147/2026 के तहत पशु परिरक्षण अधिनियम 2024 की धारा 4, 6 एवं 10, पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(डी) तथा धारा 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना जारी है।
प्रकरण में अब तक 12 भैंसों के साथ घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन एवं एक ब्रेजा कार जब्त की जा चुकी है। जब्त पशुओं को सुरक्षित संरक्षण में रखा गया है।


