बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर,10 जून। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राजपुर स्थित माँ महामाया मंदिर परिसर में मंगलवार को एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन और देश की निरंतर प्रगति के लिए विशेष पूजा-अर्चना कर हनुमान चालीसा का पाठ किया।
कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, महामंत्री संजय सिंह, किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष मुन्नालाल चौधरी, जनपद अध्यक्ष विनय भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने माँ महामाया के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
मंदिर के पुजारी राघवेंद्र पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजन संपन्न कराया तथा हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कराया। धार्मिक अनुष्ठान के पश्चात पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मंदिर परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया गया।
विधायक उद्देश्वरी पैकरा सहित भाजपा पदाधिकारियों, वन विभाग एवं नगर पंचायत के अधिकारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। विधायक ने पौधों को जल अर्पित करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य रवि प्रताप मरावी, मंडल महामंत्री बबलू यादव, संतोष तिवारी, जितेंद्र जायसवाल, राजेश यादव, अनिल तिवारी, उदय यादव, रिंकी सिंह, रिंकू अग्रवाल, गौरव उपाध्याय, शंकर गोयल, सुरेश यादव एवं सुनील गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, मातृशक्ति, ग्रामीणजन तथा वन एवं नगर पंचायत के कर्मचारी उपस्थित रहे।


