बलरामपुर

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, जांच शुरू
09-Jun-2026 8:33 PM
सरकारी जमीन पर अतिक्रमण की शिकायत, संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलरामपुर, 9 जून। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के विकासखंड वाड्रफनगर के ग्राम महेवा में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम महेवा के खसरा क्रमांक 2 की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत समय-सीमा के भीतर दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है। मामले में संबंधित सरपंच को छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम की धारा 40 के तहत नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जवाब और दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वाड्रफनगर एसडीएम (राजस्व) नीर निधि नंदेहा के नेतृत्व में तहसीलदार रघुनाथनगर, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। आगामी खरीफ सीजन को देखते हुए शासकीय भूमि का सीमांकन एवं चिन्हांकन करते हुए लाल झंडियां लगाई गईं, ताकि भूमि पर दोबारा अतिक्रमण या अवैध खेती न हो सके।

एसडीएम श्री नंदेहा ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों एवं अभिलेखों के आधार पर विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने स्पष्ट किया है कि जिले में शासकीय भूमि की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अवैध अतिक्रमण के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से भी शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने तथा अवैध अतिक्रमण की जानकारी तत्काल प्रशासन को देने की अपील की है।


अन्य पोस्ट