बलरामपुर

बस रोककर लूट-मारपीट, 4 बंदी, बोलेरो जब्त
13-Jun-2026 7:06 PM
बस रोककर लूट-मारपीट, 4 बंदी, बोलेरो जब्त

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बलरामपुर-रामानुजगंज, 13 जून। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस चालक और परिचालक के साथ मारपीट एवं लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन (क्रमांक यूपी 64 एटी 6717) भी आरोपियों के कब्जे से जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 जून को दलधोवा घाट स्थित शिव मंदिर के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग पर मोती श्री बस को रोककर कुछ युवकों ने बस चालक और कंडक्टर के साथ मारपीट की तथा लूट कर बोलेरो वाहन से फरार हो गए थे। मामले में थाना कोतवाली बलरामपुर में विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के सरहदी थानों में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की, लेकिन अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी जितेन्द्र गुप्ता निवासी भवानीपुर, रामानुजगंज को थाना पटना, जिला एमसीबी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अन्य साथियों के नाम बताए।

इसके बाद पुलिस ने क्रमश: प्रिंस कुमार दुबे तेतरडीह, चंचलेश मंडल उर्फ बिट्टू  धनगांव तथा दिनेश कुमार उर्फ निरहुआ नवाडीह, चौकी तातापानी को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की। सभी आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

मुख्य आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया गया है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेजा जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।


अन्य पोस्ट