बलरामपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलरामपुर, 9 जून। जिले की नई कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कार्यभार संभालने के बाद पहली प्रेसवार्ता में प्रशासन की कार्यशैली और प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मुद्दों का त्वरित समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने संकेत दिए कि सरकारी सेवाओं में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पत्रकारों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पोषण और स्वच्छता जैसे बुनियादी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए।
निजी विद्यालयों को लेकर पूछे गए सवालों पर उन्होंने बताया कि स्कूल संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। यदि किसी निजी विद्यालय द्वारा नियमों का उल्लंघन किया जाता है अथवा अभिभावकों की शिकायतें सही पाई जाती हैं तो संबंधित संस्थान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने, आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्था मजबूत करने तथा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि दूरस्थ गांवों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान जनसुविधाओं के रखरखाव और त्वरित मरम्मत के लिए शुरू किए गए विशेष मेंटेनेंस वाहन ‘1099’ की भी जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि यह वाहन चौबीसों घंटे आवश्यक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के समाधान में सहयोग करेगा। फिलहाल इसकी शुरुआत राजपुर और शंकरगढ़ विकासखंडों से की गई है।
कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी, उदासीनता या लापरवाही पाए जाने पर जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी।


