बलरामपुर

बरसात पूर्व नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट सुधार की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने सौंपा ज्ञापन
13-Jun-2026 9:41 PM
बरसात पूर्व नालियों की सफाई और स्ट्रीट लाइट सुधार की मांग, नेता प्रतिपक्ष ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रामानुजगंज,13 जून। नगर पालिका परिषद रामानुजगंज के नेता प्रतिपक्ष प्रतीक सिंह ने नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर नगर क्षेत्र एवं सभी वार्डों में बरसात से पहले नालियों की व्यापक सफाई तथा बंद और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कर चालू कराने की मांग की है।

सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया है कि नगर की अधिकांश नालियों में लंबे समय से कचरा, गंदगी और गाद जमा होने के कारण जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो रही है। आगामी वर्षा ऋतु में समय रहते सफाई नहीं होने पर जलभराव की स्थिति निर्मित हो सकती है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढऩे के साथ विभिन्न संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर एवं विभिन्न वार्डों में कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें बंद या खराब पड़ी हैं। इससे रात के समय नागरिकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है तथा दुर्घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों की संभावना बढ़ जाती है।

प्रतीक सिंह ने मांग की है कि नगर और सभी वार्डों की नालियों की पट्टियां हटाकर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए, नालियों में जमा कचरा एवं गाद को तत्काल हटाया जाए तथा वर्षा ऋतु से पूर्व जल निकासी व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए। इसके अलावा बंद एवं खराब स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कर उन्हें शीघ्र सुधारकर चालू किया जाए और नियमित रखरखाव की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यह मुद्दा सीधे तौर पर आम जनता की सुविधा, सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा हुआ है। इसलिए नगर पालिका प्रशासन को जनहित में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए।


अन्य पोस्ट