‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 19 जून। बीजापुर विधायक एवं सुकमा जिला प्रभारी विक्रम मांडवी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर बढ़ती बिजली दरों, स्मार्ट मीटर व्यवस्था और अघोषित बिजली कटौती को लेकर तीखा हमला बोला। गुरुवार को सुकमा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लगातार जनविरोधी निर्णय ले रही है, जिससे आम जनता, किसानों और छोटे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। मांडवी ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में लगातार वृद्धि की गई है। उन्होंने दावा किया कि ढाई वर्षों के भीतर यह पांचवीं बार है बिजली शुल्क बढ़ाया गया है। उनके अनुसार घरेलू उपभोक्ताओं के लिए प्रति यूनिट 20 से 40 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है, जबकि किसानों पर भी अतिरिक्त आर्थिक भार डाला गया है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में लगातार वृद्धि का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ रहा है।
स्मार्ट मीटर पर उठाए सवाल
कांग्रेस विधायक ने प्रदेश में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटरों में दर्ज होने वाली बिजली खपत वास्तविक उपयोग से अधिक दिखाई जा रही है, जिसके कारण उपभोक्ताओं को अपेक्षा से ज्यादा बिजली बिल मिल रहे हैं।
मांडवी ने कहा कि जून माह में बड़ी संख्या में लोगों ने सामान्य से दो से तीन गुना अधिक बिजली बिल मिला है साथ कई लोगो ने शिकायत भी की है।
बिजली बिल हाफ योजना बंद करने का आरोप
विधायक मांडवी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान लागू की गई बिजली बिल हाफ योजना से उपभोक्ताओं को राहत मिलती थी।
लेकिन भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव बढ़ गया है। उनके अनुसार बिजली दरों में वृद्धि, बिजली बिल हाफ योजना का बंद होना और स्मार्ट मीटरों की कथित खामियां बढ़े हुए बिजली बिलों के प्रमुख कारण हैं।
अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान
प्रेस वार्ता में मांडवी ने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रही अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली कटौती से आम लोग परेशान हैं। उन्होंने सरकार से बिजली दरों में की गई वृद्धि वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने और बिजली बिल हाफ योजना को पुन: लागू करने की मांग की।
मांडवी ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जनता के हित में निर्णय नहीं लेती है तो कांग्रेस किसानों और आम लोगों के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय सभी को, किसी एक सरकार को नहीं- विक्रम मांडवी
बस्तर में नक्सलवाद के कमजोर पडऩे और शांति स्थापना को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक विक्रम मांडवी ने कहा कि क्षेत्र में शांति और विकास सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का श्रेय किसी एक सरकार को नहीं दिया जा सकता, बल्कि इसमें सुरक्षा बलों, पुलिस, जनप्रतिनिधियों और आम जनता सभी का योगदान रहा है।
हालांकि उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर बस्तर के विकास की बात करती है, वहीं दूसरी ओर जल, जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर कॉर्पोरेट हितों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के दोहन से जुड़े सवालों पर भी सरकार को जवाब देना चाहिए।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेता हरीश लखमा, वासी सोढ़ी, दुर्गेश राय, जगन्नाथ साहू सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।