सुकमा

कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, सीएम का पुतला दहन
17-Jun-2026 10:45 PM
कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, सीएम का पुतला दहन

गरीबों की कमर तोड़ रही सरकार-हरीश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 17 जून। बढ़ती महंगाई और बिजली बिल में यूनिट दरों की बेतहाशा बढ़ोतरी के विरोध में आज जिला मुख्यालय सुकमा में कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश सरकार के खिलाफ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर एकत्र होकर मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया और सरकार विरोधी जमकर नारेबाजी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बिजली की प्रति यूनिट दरें बढ़ाकर आम जनता, खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की कमर तोड़ दी है। एक तरफ महंगाई आसमान छू रही है, दूसरी तरफ बिजली बिल में यूनिट के दाम बढ़ाकर सरकार ने जनता पर दोहरी मार डाल दी है।

धरना स्थल पर सभा पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी लखमा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल है। बाजार में महंगाई चरम पर है - दाल, तेल, सब्जी सब महंगा। ऊपर से बिजली की यूनिट दर बढ़ाकर सरकार ने गरीब जनता की कमर तोड़ दी है।

ग्रामीण इलाकों में पहले ही 6-8 घंटे अघोषित बिजली कटौती हो रही है। किसान सिंचाई नहीं कर पा रहा, मजदूर का काम ठप है और अब बिल भी दोगुना-तिगुना भेजा जा रहा है। जिस घर में एक बल्ब-पंखा है, वहां 2000-3000 का बिल आ रहा है। ये यूनिट में महंगाई की मार सीधे जनता की जेब पर पड़ रही है।

लखमा ने कहा कि सरकार बिजली को व्यापार की वस्तु बना रही है। फिक्स चार्ज, फ्यूल एडजस्टमेंट चार्ज के नाम पर उपभोक्ताओं से अवैध वसूली हो रही है। किसान, मजदूर, छोटे दुकानदार हर वर्ग त्राहिमाम कर रहा है। सरकार को तुरंत बढ़ी हुई दरें वापस लेनी चाहिए।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली बिल की दरों को कम करने के नारे लगाए। इसके बाद मुख्यमंत्री का पुतला फूंका गया। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल के पदाधिकारी भी बड़ी संख्या में धरने में शामिल हुए,

कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द बिजली बिल की दरों को कम नहीं किया गया, मांगें पूरी नहीं हुईं तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा और बिजली विभाग कार्यालय का घेराव किया जाएगा।


अन्य पोस्ट