सुकमा
कांग्रेस टीम ने किया निरीक्षण
छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 26 जून। जिला मुख्यालय सुकमा के पास स्थित धान संग्रहण केंद्र में धान खुले में रखे जाने और उसके खराब होने से जुड़ी खबरें सोशल मीडिया पर आने के बाद जिला कांग्रेस कमेटी की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। यह निरीक्षण जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी के निर्देश पर किया गया, जिसमें नगर कांग्रेस कमेटी और नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष भी शामिल थे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देश पर पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों ने संग्रहण केंद्र की स्थिति देखी। टीम के अनुसार, केंद्र में धान खुले में रखा हुआ है, जो बारिश और नमी के कारण खराब हो रहा है।
निरीक्षण करने गई टीम में जिला कांग्रेस कमेटी व नगर कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष, विधायक प्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे। धान की स्थिति को लेकर कांग्रेस नेताओं ने चिंता जताई। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि इससे किसानों की मेहनत और शासन की संपत्ति का नुकसान हो रहा है।
कांग्रेस पार्टी ने जिला प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि संग्रहण केंद्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और भंडारण की कमी है।
समय पर धान का उठाव न होने के कारण यह स्थिति बनी है। कांग्रेस ने जिला प्रशासन से इस मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने और शेष धान को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिला कांग्रेस अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी किसानों के हित में आगे कदम उठाएगी।