सुकमा

जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप, कांग्रेस ने पीएम-सीएम का पुतला फंूका
10-Jul-2026 11:11 PM
जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप, कांग्रेस ने पीएम-सीएम का पुतला फंूका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 10 जुलाई। देश की जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के विरोध में जिला मुख्यालय सुकमा के बस स्टैंड चौक में जिला एवं नगर कांग्रेस ने उग्र प्रदर्शन कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बदले की भावना से काम कर रही है और संवैधानिक संस्थाओं का इस्तेमाल राजनीतिक षडयंत्र के लिए किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। यह सीधे लोकतंत्र की हत्या है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी झूठे मुकदमों से डरने वाली नहीं है और जनता के मुद्दों के लिए सडक़ से लेकर सदन तक संघर्ष जारी रखेगी।

 पुतला दहन के दौरान जिला कांग्रेस, नगर कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल सहित सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार से एजेंसियों के दुरुपयोग को बंद करने और कांग्रेस नेताओं पर दर्ज झूठे मुकदमे वापस लेने की मांग की।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।


अन्य पोस्ट