सुकमा

महेश नवमी पर निकाली शोभायात्रा, शिव भक्ति के रंग में रंगा शहर
23-Jun-2026 10:31 PM
महेश नवमी पर निकाली शोभायात्रा, शिव भक्ति के रंग में रंगा शहर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 23 जून। महेश नवमी पर जिला मुख्यालय सुकमा में माहेश्वरी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शिव भक्ति में डूबे शहर में महिलाओं, माताओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। पूरा माहौल ‘हर हर महादेव’ और ‘भगवान शिव की जय’ के जयकारों से गूंज उठा।

शोभायात्रा महेश चौक से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद शुरू हुई। डीजे की धुन और भजन कीर्तन पर झूमते हुए श्रद्धालु बस स्टैंड चौक होते हुए जिला मुख्यालय का भ्रमण कर पुन: वापस लौटे। शोभायात्रा मार्ग में शिव भक्ति का भक्तिमय वातावरण बना रहा। महिलाएं और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में हाथों में ध्वज लेकर चल रहे थे। बुजुर्गों और युवाओं ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की।

 शोभायात्रा महेश चौक वापस पहुंचने के बाद माहेश्वरी समाज के द्वारा स्टॉल लगाकर आए हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए ठंडा शरबत वितरित किया गया। गर्मी के मौसम में शरबत पाकर श्रद्धालुओं ने समाज की पहल की सराहना की।

इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधियों सहित, स्थानीय नागरिक शामिल हुए। सभी ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। माहेश्वरी समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि महेश नवमी भगवान शिव के पुत्र महेश के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है और माहेश्वरी समाज इसे बड़े उत्साह से मनाता है।

समाज के लोगों ने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी शोभायात्रा ने आपसी भाईचारे और धार्मिक सद्भाव का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट