11 सदस्यों की नियुक्ति जल्द जो आंदोलन तय करेगा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। छत्तीसगढ़ के शासकीय अमले में आज एक अहम पहल हुई। प्रदेश भर के कर्मचारी, अधिकारी22 वर्ष बाद एक होकर अब पूरी एकजुटता से अपना आंदोलन करेंगे । मंत्रालय अधिकारी कर्मचारी संघ, फेडरेशन और महासंघ के सभी घटक संगठन अब एक 11 सदस्यीय संयुक्त फोरम का गठन कर मानसून सत्र से पहले आंदोलन करेंगे । उनकी वहीं मांगे है जिन्हें लेकर वे अब तक अलग अलग आंदोलन करते रहे हैं।
आज की यह बैठक मंत्रालय संघ के आमंत्रण पर बुलाई गई थी। इसमें फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा, महासंघ के अध्यक्ष अनिल शुक्ला के साथ सभी सहयोगी संगठनों के अध्यक्ष शामिल हुए। फोरम के 11 सदस्यों और आंदोलन की तिथि एक दो दिन में तय कर ली जाएगी। यह फोरम देय डेट पर डीए-एरियर्स का भुगतान, चार स्तरीय वेतनमान लागू करने और पिंगुवा समिति की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांगों को लेकर आंदोलन करेगा।
फोरम का दबाव रहेगा कि चुनाव से पहले मांगे न केवल मानी जाए भुगतान भी हो। बैठक में मंत्रालय संघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह राजपूत समेत सभी संगठनों के अध्यक्ष, सचिव मौजूद रहे। अब तक इनके अलग अलग होने से सरकारें इनके आंदोलनों को तोडऩे में सफल होती रही है। इससे इनकी मांगे भी लंबित कर ताक पर रख दी जाती थी। इसे देखते हुए सभी संगठन के सामान्य कर्मचारी एक संयुक्त संगठन बनाने की मांग करते रहे हैं।
सभी नेताओं को कसम खाना होगा
राजस्व पटवारी संघ की तरफ से नीरज सिंह ने कहा कि एकता शब्द ही बहुत अच्छा लगता है, एक होना बहुत अच्छी बात है , सभी का उद्देश्य कर्मचारी हित है,
जहाँ तक जानाकरी है पहले भी पूरे प्रदेश के संगठन एक होकर एक छत के नीचे आंदोलन कर चुके है।
लेकिन सभी नेताओं को कसम खाना होगा कि बीच आंदोलन में अपने ईगो को आगे नहीं आने देंगे,क्योंकि ज्यादा लड़ाई सिर्फ अपने अपने अहम को लेकर ही होती है । इस तरह के महासंघ और फेडरेशन में सभी संगठन का अपना स्वत्रन्त्र अस्तित्व होता है उस अस्तित्व को भी ध्यान देना होगा।
राज्य कर्मचारी संघ की सहमति मिश्रित आपत्ति
राज्य कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण कुमार तिवारी ने कही है कि उनका संघ भी फेडरेशन का एक घटक दल हैं ।पहल अच्छी पर राज्य कर्मचारी संघ को बैठक की सूचना नहीं दी गई । राज्य कर्मचारी संघ कोर ग्रुप में इस पर विचार करेगा इसके पश्चात ही कोई फैसला लेंगे । राज्य कर्मचारी संघ को पहल करने पर नैतिक समर्थन दिया जा सकता है। राज्य कर्मचारी संघ के महामंत्री अश्वनी चेलक रायपुर में ही रहते हैं न उन्हें कोई सूचना न मुझे कोई सूचना। कोई विरोध नहीं पर बिना पहल के साथ भी नहीं। इसके जवाब में कमल वर्मा ने कहा कि अश्विनी चेलक को बुलाया गया था। इसलिए किसी भी विषय को अन्यथा न लिया जाए।