रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। छत्तीसगढ़ में आज ओला, उबर और रैपीडो कंपनियों की मनमानी से परेशान कैब संचालकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ स्वाभिमान टैक्सी युवा मालिक कल्याण संघ के बैनर तले यह हड़ताल किया जायेगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि ओला, उबर, रैपीडो कंपनी द्वारा चालक व मालिक के साथ अत्याचार किया जा रहा है। पिछले तीन साल से ये ट्रैवल निजी कंपनियां शोषण कर रही हैं। हमें पहले जैसे प्रोत्साहन राशि और हमारा प्रतिशत 20 से घटाकर 15 प्रतिशत किया जाए।
वहीं कैब संचालकों की मांग है कि शहर में गैरकानूनी तरीके से निजी नंबर की बाइक में कमर्शियल काम रैपीडों, ओला और उबर के द्वारा किया जा रहा है। इस पर तत्काल रोक लगाकर उन्हें भी कमर्शियल किया जाना चाहिए। शहर में टैक्सी सर्विस का काम निजी नंबर की गाडिय़ां कर रही है। प्रशासन ध्यान नहीं दे रहा। परिवहन विभाग को इस पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। जब तक हमारी इन मांगों को पूरा नहीं किया जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी। सभी कैब संचालक तूता में धरना देंगे। इन स्थानों रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, भिलाई में टैक्सी नहीं चलेगी। कमर्शियल काम के लिए कमर्शियल टैक्सी को ही परमिशन मिले। पुलिस चालान ऑनलाइन, तो कागजात, फिटनेस भी ऑनलाइन चेक करे। प्रदेश में प्राइवेट कार का कमर्शियल इस्तेमाल बंद हो। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट में पार्किंग की सुविधा उपलब्ध कराया जाए।