रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 जून। राजधानी सहित प्रदेशभर में गर्मी का कहर जारी है। दिन मेंं सूरज की तपिश तो रात में उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हो गए है। वहीं मानसून में देरी से प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं 26 मई तक मानसून आने की संभावनाएं जताई जा रही है। दक्षिण पश्चिम मानसून की आगे बढऩे की रफ्तार बढऩे लगी है और अब इसकी आहट भी शुरू होने लगी है।
मौसम विभाग ने मंगल-बुध को प्रदेश के कई क्षेत्रों में लू चलने की संभावना जताई है। साथ ही मंगलवार को रायपुर, बिलासपुर सहित 11 जिलों के लिए आरेंज अलर्ट और सरगुजा, जशपुर, बिलासपुर, रायपुर सहित 13 जिलों में बुधवार को लू चलने की संभावना है।
रायपुर का अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। इसी प्रकार न्यूनतम तापमान भी 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया,जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि जून की गर्मी में बीते 25 वर्षों का रिकार्ड टूट गया है। इससे पहले वर्ष 1998 में ही जून में ऐसी गर्मी पड़ी। आने वाले दिनों में रायपुर सहित प्रदेश भर में अधिकतम तापमान में छह से सात डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है।
मानसून 26 तक
मौसम विभाग का कहना है कि भले ही अभी कुछ दिन गर्मी से लोगों को और बेहाल होना होगा और लू के भी आसार है। लेकिन राहत वाली बात यह है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के आगे बढऩे की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। प्रदेश भर में मानसून 26 जून तक पहुंचने की संभावना है। इसके साथ ही गुरुवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट भी शुरू हो जाएगा।
प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों को सचेत रहने कहा है। विभाग का कहना है कि शरीर में पानी की कमी न होने दे। लू से बचने के लिए सिर व कानों को कपड़े से अच्छी तरह ढंक ले।