‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 मार्च। वाणिज्य कर मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि विभाग में लिपिक वर्ग से कर निरीक्षकों की पदोन्नति के लिए विभागीय भर्ती परीक्षा के आयोजन में हुई धांधली की शिकायत लोक आयोग में हुई थी। शिकायत के अनुसार 2 सालों तक विभागीय पदोन्नति परीक्षा हुई। जिसमें पहले साल साढ़े सात लाख रूपये लेनदेन और दूसरे साल 10 लाख रुपया लेनदेन की शिकायत हुई थी। मामले में लोक आयोग में प्रकरण दर्ज कर जांच की गई थी।
भाजपा विधायक अनुज शर्मा के प्रश्न पर मंत्र चौधरी ने बताया कि वर्ष 2021 में 21 अभ्यर्थियों एवं वर्ष 2022 में 21 अभ्यर्थियों का चयन राज्य कर निरीक्षक के पद पर किया गया। इस भर्ती प्रक्रिया में तत्कालीन राज्य कर उपायुक्त (प्रशासन) नोडल अधिकारी थे। उक्त परीक्षा की चयन समिति में निम्नलिखित अधिकारियों को लिया गया था:- राज्य कर अपर आयुक्त (प्रशासन) अध्यक्ष संयुक्त आयुक्त सदस्य सचिव, उपायुक्त (प्रशासन) सदस्य। छत्तीसगढ़ लोक आयोग में राज्य कर निरीक्षक विभागीय भर्ती परीक्षा में अनियमितता की शिकायत पर श्रीमती कल्पना तिवारी (अपर आयुक्त) के विरूद्ध प्रकरण दर्ज की गई थी जो वर्तमान में नस्तीबद्ध की जा चुकी है। इसी संबंध में शिकायत पर लोक आयोग में अन्य प्रकरण कल्पना तिवारी (अपर आयुक्त), टी. आर. धुर्वे, (वर्तमान अपर आयुक्त), रौशन सिंह (उपायुक्त) के विरूद्ध दर्ज की गई थी जो वर्तमान में नस्तीबद्ध की जा चुकी है। विभागीय सीमित भर्ती परीक्षा में भर्ती नियमों के तहत रोस्टर के पालन, किसी कर्मचारी के गोपनीय चरित्रावली में सुधार किये जाने संबंधी, किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायतों सहित शिकायत के समस्त बिन्दुओं की जांच विभागीय जांच समिति गठित कर की जा रही है।
शर्मा ने पूछा था कि क्या इस भर्ती में किसी प्रकार की कानूनी कार्यवाही अथवा वित्तीय अनियमितता का आरोप लगा है? यदि हां तो क्या ? जानकारी दें? क्या भर्ती प्रक्रिया में भर्ती नियमों के तहत रोस्टर का पालन किया गया तथा क्या चयन के बाद किसी कर्मचारी की गोपनीय चरित्रावली में सुधार किये जाने संबंधी अथवा किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत विभाग को मिली? यदि हां तो क्या?
कार्रवाई तो उन्हीं पर होगी जिन्होंने घोटाले किए- चौधरी
रायपुर, 10 मार्च। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कांग्रेस पर हमला किया कि विधानसभा लोकतंत्र की आत्मा और प्रदेश की सबसे बड़ी पंचायत है। इसके सुचारू संचालन में बाधा डालना उचित नहीं। प्रश्न काल नहीं चलने देना और हंगामा करना विपक्ष की अलोकतांत्रिक मानसिकता को दर्शाता है। चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार में माफियाराज चला, यह पूरा देश और प्रदेश जानता है। विधानसभा में विधायक प्रश्न पूछते हैं, चाहे वे किसी भी दल के हों, लेकिन कार्रवाई तो उन्हीं पर होगी जिन्होंने घोटाले किए।