‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 जून। राजनांदगांव रेंज आईजी बालाजी राव ने मंगलवार को रेंज में बतौर मैदानी अमला प्रशिक्षण के लिए भेजे गए प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को बेसिक पुलिसिंग के तौर-तरीकों से वाकिफ कराते ईमानदारी, निष्ठा व लगन को प्रशिक्षण की पहली सीढ़ी करार दिया। उन्होंने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से व्यवहारिक पुलिसिंग के साथ-साथ मैदानी स्तर में होने वाली गतिविधियों और उनसे निपटने के गुर बताए।
उन्होंने ने राजनांदगांव जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों से जहां प्रत्यक्ष रूप से बैठक में अहम मुद्दों पर बात की। वहीं मोहला-मानपुर, कवर्धा एवं खैरागढ़ जिले के प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों को वीडियो कान्फ्रेसिंग से संबोधित किया। उन्होंने अपने सलाह और नसीहत में प्रशिक्षुओं को भविष्य में मैदानी अमला का भाग होने के दौरान परिस्थितियों से अवगत कराया। इससे पहले राजनांदगांव जिले के 13, कबीरधाम के 12, मोहला-मानपुर जिले के 6 एवं खेरागढ़ जिले के 9 उप निरीक्षकों का परिचायात्मक एवं प्रशिक्षण संबंधी बैठक लेते आईजी ने पुलिस के प्रारंभिक प्रशिक्षण को सीखने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत निर्धारित कार्य में बीट आरक्षक, संत्री ड्यूटी, मुल्जिम पेशी, प्र. आर. गश्ती, प्र.आर. मोहर्रिर, प्र.आर. मालखाना, लोक अभियोजन (संबद्धता), जिला विशेष शाखा, एमएलसी, एफएसएल कार्य, न्यायालयीन कार्य, जेल संबंधी कार्य एवं थाना प्रभारी का स्वतंत्र प्रभार इत्यादि के कार्य सम्मिलित है, जिन्हें निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने और रजिस्टर में अपनी हस्तलिपि से प्रविष्टी करने के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी ने अपने उद्बोधन में वर्तमान में बेसिक पुलिसिंग के सभी आयामों को सीखते हुए, जो नवीन एवं डिजिटल कार्य पुलिस विभाग में आ रहे है। जिसमें नेटग्रिड, क्राईमेक, मेडलीपार, सीसीटीएनएस, ई-साक्ष्य, ई-मालखाना, ई-रोजनामचा, ई-चार्जशीट, आईसीजेएसए इत्यादि के संबंध में व्यवहारिक उपयोग करना सीखें, स्वयं को डिजिटली लिटरेट करें, भारतीय न्याय संहिता के प्रावधानों का व्यवहारिक अनुपालन करना सीखें एवं नक्सलवाद के काले अध्याय के समाप्ति के बाद सायबर क्राईम से संबंधित चुनौतियों से निपटने के विषयों पर जानकारी प्रदाय किया गया।
बैठक में राजनांदगांव एसपी अंकिता शर्मा, एएसपी कीर्तन राठौर, रक्षित निरीक्षक राजनांदगांव लोकेश कसेर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कबीरधाम अमित पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, मोहला-मानपुर-अं.चौकी पीतांबर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरागढ़-छुईखदान-गंडई नितेश गौतम भी उपस्थित रहे।