राजनांदगांव
बस स्टैंड और स्टापेजों में महिलाओं व बच्चों की उमड़ी भीड़
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 25 अगस्त। हरितालिका पर्व के लिए तिजहारिन महिलाओं में उत्साह का माहौल है। वहीं विवाहित महिलाओं का मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। सोमवार से बुधवार तक महिलाएं तीज पर्व पर्व पर कठिन व्रत रखेंगी।
आज सोमवार शाम को कड़वा भोजन (करेले के साथ) करने के बाद कल मंगलवार पूरे दिन और रात को व्रत रखेंगी। बुधवार सुबह व्रत तोड़कर स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाएंगी। मायके जाने निकली महिलाओं की वजह से शहर के नए और पुराने बस स्टैंड और बस स्टापेजों में महिलाओं की खासी तादाद दिख रही है। महिलाओं के साथ बच्चे भी स्टापेज में नजर आ रहे हैं। वहीं बसों में सवारी अधिक होने से महिलाओं को धक्का-मुक्की के बीच सफर करना पड़ रहा है। इधर तीज पर्व के चलते बाजार में भी हलचल तेज हो गई है। मायके जाने निकली विवाहित महिलाओं में जबर्दस्त उत्साह नजर आ रहा है। तिजहारिनों से यात्री बसें ठसाठस भरी हुई है। खासतौर पर नवविवाहिताओं में पर्व को लेकर उत्साह दोगुना दिख रहा है। ससुराल से मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है।
रेल्वे स्टेशनों में भी दिख रही भीड़
तीज पर्व पर मायके जाने वाली महिलाओं की संख्या में बढ़ोत्तरी होने के साथ ही ट्रेनों में भी महिलाओं और बच्चों की तादाद अधिक दिखाई दे रही है। स्थानीय रेल्वे स्टेशन में यात्री के रूप में महिलाओं और बच्चों की तादाद अधिक दिखाई दे रही है। रेल्वे स्टेशन में तिजहारिन अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए ट्रेन का इंतजार करती नजर आई। कई महिलाएं दूधमुंहे बच्चे को लेकर मायके के लिए निकली।
नवविवाहित महिलाओं का पोला पर्व के साथ ही मायके जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। इधर मायके पहुंची महिलाएं परिवार के संग अगले एक-दो दिन त्यौहार की खुशी के साथ समय व्यतीत करेंगी। ससुराली महिलाओं को मायके आने का न्यौता देने के लिए माता-पिता से लेकर भाई-बंधु पहुंचने का क्रम जारी है। कई महिलाओं को कई भाई अपने साथ दो पहिया वाहन में मायके ले गए। वहीं परंपरागत रूप से बसों में सफर करने वाली महिलाओं को परिजनों ने किराया भी सौंपा।
पति के दीर्घायु के लिए करेंगी व्रत
हरितालिका तीजा पर्व पर आज सोमवार को विवाहित महिलाएं करेले की सब्जी (कडुवा भोजन) का सेवन कर पति के लंबी आयु के लिए कठिन व्रत रखेंगी। उपवास के दौरान सौभौग्यवती महिलाएं भगवान शिव परिवार की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर व्रत पूर्ण करेंगी। आगामी 26 अगस्त को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर महिलाओं में उत्साह और मायके जाने का क्रम जारी है।
इधर तीज पर्व को लेकर महिलाएं पूरी तैयारी में व्यस्त हैं। घरों में शिव-पार्वती की गाथाओं के साथ धार्मिक गीत-संगीत का कार्यक्रम भी होगा। सामुहिक रूप से घरों में पूजा-अर्चना होगी। तीज पर्व पर ठेठरी-खुरमी समेत स्वादिष्ट व्यंजन भी तैयार किया जा रहा है। महिलाओं के लिए यह पर्व काफी महत्वपूर्ण माना जाता है। पति की दीर्घायु व स्वस्थ रहने की मंगल कामना लेकर महिलाएं उपवास रखेंगी। कई महिलाएं निर्जला व्रत भी रखती हैं। व्रत रखने वालों में युवतियों से लेकर उम्रदराज महिलाएं शामिल होती है।
पूजन सामग्रियों की सजी दुकानें
तीर्ज पर्व पर पूजन सामग्रियों की मांग बढऩे के साथ ही बाजार इलाके में दुकानें सजकर तैयार हो चुकी है। वहीं इसकी खरीदी भी शुरू हो गई। तीजा पर्व के लिए बाजार में इन दिनों सामान्य दिनों की अपेक्षा अधिक चहल-पहल है। लोग पर्व संबंधी सामग्रियों की खरीदी कर रहे हैं। पर्व के लिए पूजा सामग्रियों में फूलेरा की डिमांड अधिक रहती है। जिससे बाजार में इसके दाम उछाल पर रहते हैं।


