राजनांदगांव

नांदगांव में गूंजेगा अहमद नगर के विशाल गणपति का स्वरूप
23-Aug-2025 6:23 PM
नांदगांव में गूंजेगा अहमद नगर के विशाल गणपति का स्वरूप

श्री सेवा समिति करेगी भव्य आयोजन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 23 अगस्त।
 संस्कारधानी राजनांदगांव में इस वर्ष गणेश उत्सव एक खास आस्था और आकर्षण के साथ मनाया जाएगा। श्री सेवा समिति सहदेव नगर (अंबेडकर चौक) राजनांदगांव द्वारा संचालित श्री गणेश उत्सव समिति ने घोषणा की है कि वर्ष 2025 के आयोजन में महाराष्ट्र के अहमदनगर स्थित 200 वर्ष पुराने विशाल गणपति मंदिर की मूर्ति स्वरूप की स्थापना की जाएगी।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी गणेश उत्सव का आयोजन भव्य रूप में किया जाएगा। विशेषकर बच्चों और परिवारों के मनोरंजन के लिए अलग-अलग आकर्षण रखे गए हैं। डिजनीलैंड थीम पंडाल, विभिन्न प्रकार के झूले,  बलून और खाने-पीने के स्टॉल आयोजन की शोभा बढ़ाएंगे। इससे न केवल श्रद्धालु, बल्कि बच्चे और महिलाएं भी उत्सव का भरपूर आनंद ले सकेंगे।
अहमदनगर के मालीवाड़ा क्षेत्र में स्थित विशाल गणपति मंदिर की गणेश प्रतिमा 11.5 फीट ऊंची है।  इसकी विशेषता यह है कि मूर्ति की पीठ पूर्व दिशा में है और नाभि के पास एक फन वाला नाग दर्शाया गया है। मूर्ति का सिर पेशवाकालीन शैली की पगड़ी से सुसज्जित है। यह मंदिर नगर देवता के रूप में प्रसिद्ध है और दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आकर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।

गौरतलब है कि इस मंदिर का निर्माण ढाई वर्ष में पूरा हुआ था और पिछले 23 वर्षों से इसका जीर्णोद्धार कार्य निरंतर जारी है। हर वर्ष गणेशोत्सव, गणेश जयंती, गुरुपूर्णिमा और सावंत महाराज जयंती जैसे पर्व यहां बड़ी धूमधाम से मनाए जाते हैं। इस ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को ध्यान में रखते समिति ने इस बार राजनांदगांव में गणेश प्रतिमा की स्थापना के लिए इसी स्वरूप को चुना है।
समिति का कहना है कि शहरवासियों और भक्तजनों का सहयोग और आशीर्वाद ही इस आयोजन की असली ताकत है, इसलिए सभी धर्मप्रेमी जनता से निवेदन है कि अधिक से अधिक संख्या में पधारें, गणपति बप्पा का आशीर्वाद प्राप्त करें और संस्कारधानी में इस भव्य उत्सव के साक्षी बनें।


अन्य पोस्ट