कई गौठानों में तो बाउंड्रीवाल तक नहीं है
कहा-बगैर गाय, बगैर गोबर ही रिकार्ड में हजारों किलो गोबर खरीदी
महासमुंद, 23 मई। प्रदेश व्यापी कार्यक्रम जाबो गौठान खोलबो पोल के तहत महासमुंद जिला भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हर दिन जिले के गौठानों में दस्तक दे रहे हैं। वहां निरीक्षण के बाद अव्यवस्थाओं को उजागर कर रहे हैं। इसी क्रम में कल भाजपा मंडल कोमाखान के कार्यकर्ताओं के साथ नर्रा के गौठान का निरीक्षण किया गया, जहां पर स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि विगत तीन साल से इस गौठान में एक भी गाय नहीं है। गोबर नहीं है, पानी और पैरा की बात तो दूर है। इस गौठान में बाउंड्री को छोडक़र कुछ भी नहीं है।
कल ही भाजपा शहर मंडल बागबाहरा के प्रेम साहू अध्यक्ष, संजय मालवे, जसराज चंद्राकर, हरमीत बग्गा, भीखम ठाकुर, नारायण तांडी, डॉली ध्रुव, सरपंचद्वय अमरीका ध्रुव, राधे साहू, हरकेश चंद्राकर ने हरनादादार, जुनवानीकला, जुनवानीखुर्द के गौठानों का निरीक्षण किया। यहां भी स्वसहायता समूह की महिलाओं ने जानकारी दी कि तीन सालों ने इस गौठान में न गाय है, न गोबर है, न पानी है, न चारा है और न ही गौठान में बाउंंड्री है।
इसी तरह कल झलप पटेवा मण्डल के अंतर्गत ग्राम छिंदौली, झलप, लखनपुर गौठान का निरीक्षण करने महासमुंद विधानसभा प्रभारी प्रफुल्ल विश्कर्मा, मण्डल प्रभारी मोती लाल साहू, मण्डल अध्यक्ष धरम पटेल, जिला मंत्री धरम साहू के साथ भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण गौठानों का निरीक्षण करने पहुंचे। यहां भी उन्हें गाय, गोबर, चारा, पानी, पैरा और बाउंड्रीवाल नहीं मिला।
भाजपाईयों का कहना है कि एक गौठान में 19 लाख रुपए खर्च करके कांग्रेस ने गोठान को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है। बगैर गाय, बगैर गोबर ही हजारों किलो गोबर खरीदी रिकॉर्ड में है। जबकि गौठान स्थल पर कुछ भी नहीं है। एक-एक गोठान में लाखों का भ्रष्टाचार दिख रहा है।
इस अवसर मण्डल प्रभारी मोतीलाल साहू ने कहा कि गौठानों में किसी प्रकार की सुविधा नहीं है। यहां कोई अधिकारी आता है ना पंचायत के प्रतिनिधि। यहां की व्यवस्था संधारण के लिए शासन प्रतिमाह 12 हजार रुपये गोठान प्रमुख को देती है। मण्डल अध्यक्ष धरम पटेल, मण्डल महामंत्री कमल कौशिक,खेमराज बघेल,अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष जगदीश चौहान, वीरसिंग निषाद, भुनेश्वर यादव, राजा अग्रवाल, दीपक मोंगरे, पोतदार सोनवानी, पूरन मारकंडेय, बलि राम पटेल, पुनीत नाग, अजय दीवान, सरिता सोनवानी, सीता सोनवानी, पुष्पा, कुंती सोनवानी, सागर साहू, कैलाश साहू आदि ग्रामवासी उपस्थित थे।