महासमुन्द

सरकारी दुकान से चकरदा पंचायत के आधे राशनकार्ड धारियों को 3 माह से चावल, चना, शक्कर, मिट्टीतेल, नमक नहीं
22-May-2023 2:05 PM
 सरकारी दुकान से चकरदा पंचायत के  आधे राशनकार्ड धारियों को 3 माह से चावल, चना, शक्कर, मिट्टीतेल, नमक नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 22 मई।
निर्धन व जरूरतमंद लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने सरायपाली क्षेत्र के चकरदा में संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान में राशनकार्ड धारियों को प्रतिमाह मिलने वाला चावल, चना, शक्कर, मिट्टीतेल, नमक का वितरण 3 महीने से नहीं किया गया है। इस शासकीय उचित मूल्य की दुकान से मिलने वाले राशन में सेल्समेन द्वारा गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं।

ग्रामीणों की शिकायत पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व ने सेल्समेन को नोटिस दिए थे लेकिन उपभोक्ताओं को अब तक चावल का वितरण नहीं किया गया है। इस दुकान की शिकायत ग्रामीण कई बार चुके हैं। ग्रामीणों की शिकायत है कि बार-बार जानकारी देने के बावजूद उच्चाधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की है। 

ग्रामीणों के अनुसार ग्राम पंचायत चकरदा स्थित उचित मूल्य की दुकान में पंचायत के आधे से अधिक हितग्राहियों को तीन महीने से चावल नहीं मिला है। अत: लोगों को कर्ज लेकर बाजार से चावल खरीदने की मजबूरी है। ग्रामीणों की शिकायत पर विगत 28 अप्रैल को अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के द्वारा शासकीय उचित मूल्य की दुकान चकरदा के सेल्समेन नेहरूलाल मेहेर को नोटिस जारी किया गया था।

ग्रामीणों की शिकायत है कि सेल्समेन समय पर राशन दुकान नहीं खोलते। पंचायत के आधे से अधिक कार्डधारियों को अनाज नहीं मिल रहा है। सेल्समेन ने हितग्राहियों का रजिस्टर में अंगूठा तो लगवा लिया लेकिन चावल नहीं दिया है। 

इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व हेमंत रमेश नंदनवार का कहना है-ग्राम पंचायत चकरदा के कई हितग्राहियों को दो तीन माह का राशन नहीं मिलने की जानकारी मिली है। मैंने सेल्समेन को नोटिस भी जारी किया था। अगर अभी तक ग्रामीणों को राशन नहीं मिला है तो इसकी जांच करवाकर उचित कार्रवाई करेंगे। 

ग्रामीणों की मानें तो तीन माह से राशन नहीं मिलने पर ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए ग्राम के अनेक लोगों को सरपंच दामोदर चौहान ने अपने घर से चावल देकर उनकी सहायता की। सरपंच दामोदर चौहान का कहना है कि पंचायत के कई लोग चावल नहीं मिलने की शिकायत लेकर आए थे। उनकी स्थिति अत्यंत दयनीय थी। उनकी परेशानियों को देखते हुए मैंने अपने पास से चावल उपलब्ध करवाया है। 

सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अंचल के कई शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में हितग्राहियों को दो तीन माह से चावल नहीं मिला है। कई ग्रामीण परेशानी होने के बावजूद भी अधिकारियों को शिकायत करने में हिचकिचाते हैं। 

इस संबंध में सेल्समेन नेहरूलाल मेहेर से पूछे जाने पर उन्होंने स्वीकार किया कि 225 कार्डधारियों को तीन महीने से राशन वितरण नहीं हुआ है। क्यों वितरण नहीं हुआ है, इस बात पर वे कोई जवाब नहीं दे पाए।
 


अन्य पोस्ट