महासमुन्द
कहा-भगवान श्रीराम से जुड़े प्रतीकों का सांस्कृतिक पहचान के तौर पर प्रोत्साहन दिया जा रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,22 मई। संसदीय सचिव व विधायक विनोद सेवनलाल चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित किए जा रहे राष्ट्रीय रामायण महोत्सव भूपेश सरकार की अभिनव पहल है। भगवान राम से जुड़े प्रतीकों का सांस्कृतिक पहचान के तौर पर प्रोत्साहन दिया जा रहा है। उन्होंने ब्लॉक से जिला स्तर पर आयोजित होने वाले रामायण प्रतियोगिता में अधिक से अधिक रामायण मंडलियों को हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
संसदीय सचिव व विधायक श्री चंद्राकर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भगवान राम और रामायण के प्रति अगाध श्रद्धा है। प्रदेश में भूपेश सरकार के आने के बाद भगवान राम से जुड़े प्रतीकों का सांस्कृतिक पहचान के तौर पर प्रोत्साहन बढ़ा है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार राम वन गमन पथ परियोजना लेकर आई। अब सरकार द्वारा यहां के गांव-गांव में प्रचलित मानस गायन मंडलियों के बीच प्रतियोगिता कराई जा रही है।
छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव की तर्ज पर रायगढ़ जिले में एक से तीन जून तक तीन दिवसीय राष्ट्रीय रामायण महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय रामायण महोत्सव के अंतर्गत प्रतियोगी कार्यक्रम होंगे जिसमें प्रस्तुत की जाने वाली नृत्य नाटिका का विषय महाकाव्य रामायण के अरण्य कांड पर आधारित होगा।
इस महोत्सव में शामिल होने वाली मानस मंडलियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। इसमें प्रथम पुरस्कार पांच लाख रुपए, द्वितीय पुरस्कार तीन, तृतीय पुरस्कार दो लाख रुपए तय की गई है।
संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने बताया कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मंशा अनुरूप राज्य की कला एवं सांस्कृतिक, परंपरा के अनुरूप छत्तीसगढ़ अंचल के रामायण मंडलियों के कार्यशील कलाकारों के संरक्षण संवर्धन एवं कला दलों के सतत् विकास हेतु रामायण मंडली प्रोत्साहन योजना 2021 के अंतर्गत कलाकारों को यथोचित प्रोत्साहन, सम्मान, पुरस्कार दिये जाने हेतु राज्य, जिला व विकासखण्ड स्तरीय रामायण मानस मण्डली 2023 का आयोजन किया जाएगा।
जिला स्तर पर प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित कलाकार दल 27 से 29 मई के बीच पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में राज्य स्तरीय रामायण मानस मंडली प्रतियोगिता में भाग लेंगे। संसदीय सचिव श्री चंद्राकर ने कहा कि भगवान श्रीराम का छत्तीसगढ़ से गहरा नाता रहा है। दक्षिण कौशल राज्य की पुत्री से राजा दशरथ का विवाह हुआ और इससे उनके आंगन में भगवान राम का जन्म हुआ। वनवासी के रूप में भगवान राम ने लगभग 10 वर्ष छत्तीसगढ़ में बिताए। इस कारण वे वनवासी राम हैं। उन्होंने यहां शिवरीनारायण में माता शबरी से जुठे बेर खाए। वे माता शबरी और माता कौशल्या के राम हैं। हमारे मुख्यमंत्री भी कहते हैं कि छत्तीसगढ़ का जन मानस आज भी भांजे के रूप में भगवान श्री राम को देखता है और इसी कारण केवल छत्तीसगढ़ में मामा द्वारा भांजे की चरण स्पर्श करने की परंपरा है।
इसलिए प्रदेश में कई जगहों को राम वन गमन परिपथ के रूप में विकसित किया गया है। साथ ही छत्तीसगढ़ के चंदखुरी में माता कौशिल्या के मंदिर का जीर्णोद्धार भी कराया गया है।