महासमुन्द

महासमुंद सी मार्ट मतलब देसी उत्पादों का बड़ा बाजार
24-May-2023 1:46 PM
महासमुंद सी मार्ट मतलब देसी उत्पादों का बड़ा बाजार

यहां कलेक्टर भी सामान खरीदने आते हैं  

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 24 मई। गांवों में निर्मित छोटे-बड़े घरेलू उत्पादों को एक छत के नीचे लाने के लिए जिला मुख्यालय महासमुंद में सी-मार्ट स्टोर्स की शुरूआत की गई है। इससे गांव के लोगों और खासकर स्वसहायता समूह की महिलाओं के रोजगार, आय के साधन बढ़े हैं। यह सी मार्ट सरकारी सुपर बाजार की तर्ज पर शुरू हुआ है। यहां महिला स्वसहायता समूह की महिलाओं के हाथों निर्मित उत्पादों को बिक्री के लिए रखा गया है। इससे समूह की महिलाओं को मुनाफ ा भी शुरू हो चुका है। इस सी मार्ट में सामान खरीदी के लिए कलेक्टर के अलावा बड़े अधिकारी भी पहुंचते हैं।

मालूम हो कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित गौठानों में महिला स्वसहायता समूह को उनके उत्पादकों के लिए बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रदेश भर सी मार्ट स्टोर खोलने की प्रक्रिया जारी है। इसी क्रम में महासमुंद के बरोंडा चौक में सी मार्ट खुला है। यहां देसी उत्पादों को बड़ा बाजार मिला है। इस सी मार्ट को संचालित करने वाली शशिप्रभा चंद्राकर कहती हैं कि सी मार्ट में जिले के स्थानीय महिला स्व सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों की बिक्री की जा रही है। घरेलू उपयोगी लगभग सभी सामान इस सी मार्ट में उपलब्ध है। जिन लोगों को देसी स्थानीय सामान की जरूरत होती है, उन्हें इस सी मार्ट में सब कुछ मिल जाएगा।

इस सी मार्ट में खाने की चीजें जैसे लाई बड़ी, बिजौरी, बड़ी, रखिया बड़ी, मखना बड़ी उपलब्ध हैं। मार्केट में इन बडिय़ों की अच्छी डिमांड है। महिलाओं द्वारा बनाया गया बांस का सामान, देसी झाड़ू, टॉयलेट क्लीनर बहुत कम दाम में मिल जाता है। जिले की कई महिला सहायता समूहों द्वारा निर्मित डिटर्जेंट पाउडर भी सी मार्ट में बेचा जा रहा है। बिहान समूह से जुड़ी महिलाओं से संपर्क कर उनके द्वारा बनाए जा रहे सामान सी मार्ट में मंगाया जाता है।

महासमुंद स्थित सी मार्ट में 38 महिला स्व सहायता समूहों से सामान आता है। गुरुकृपा महिला स्व सहायता समूह बरबसपुर से फिनाइल, पिथौरा की महिला समूह से निरमा मंगाकर सी मार्ट में बेचा जा रहा है। इन सामानों को लोग काफी पसंद कर रहे हैं। जिन महिला समूहों के उत्पादों का रिस्पॉन्स अच्छा रहता ह,ै उनसे ज्यादा समान मंगाया जा रहा है। इस सी मार्ट में जिले भर के लगभग सभी समूह बाजार भाव में सामान दे रही हैं, जिसे सी मार्ट के जरिए बेचा जा रहा है।


अन्य पोस्ट