महासमुन्द

आरआरआर केंद्र का पालिका अध्यक्ष ने किया उद्घाटन
23-May-2023 3:36 PM
आरआरआर केंद्र का पालिका अध्यक्ष ने किया उद्घाटन

ऐसे सामग्री जो आपके उपयोग की नहीं, इस केंद्र में कर सकते हैं दान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 मई।
तुमाड़बरी स्थित मणिकंचन केन्द्र में बनाए गए आरआरआर केंद्र का नगर पालिका अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग ने शुभारंभ किया। राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा जारी निर्देश अनुसार नगर में इस केंद्र को स्वच्छता दीदियों ने खोला है। इस केंद्र का मुख्य उद्देश्य नागरिकों से ऐसी सामग्री प्राप्त करना है, जो उनके उपयोग की नहीं है। किंतु किसी अन्य जरूरतमंद के उपयोग में आ सकती है। जैसे पुरानी किताबें, कपड़ा, जूता चप्पल, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री, खिलौने आदि।

पालिकाध्यक्ष ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऐसे सामग्री जो आपके उपयोग की नहीं है। इस केंद्र में दान कर सकते हैं। जिसे किसी जरूरतमंदों को मदद मिल सके। साथ ही उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और कचरे को सेग्रीगेट करने का काम 2016 में शुरू किया था। इसी के तहत 2019 में ’नेकी की दीवार’ थीम की शुरुआत की गई जिसे अब आरआरआर सेंटर का नाम दिया गया है। साथ ही शहर में 3 से 5 स्थानों पर यह सेंटर खोले जाएंगे। वहीं सेंटर खुलने के बाद पहले दिन दीवाल घड़ी,एक टैबल, मोबाइल चार्जर, कपड़ा, जूते, चप्पल, बच्चों का खिलौना, बर्तन प्राप्त हुआ है। 

इस केंद्र के संबंध में स्वच्छता दीदियों के माध्यम से वार्ड में प्रचार-प्रसार किया जाएगा। ताकि ज्यादा से ज्यादा नागरिक दान करें और जरूरतमंद लोगों को पता चल सके कि वो इस सेंटर से आकर अपने उपयोग की वस्तु ले सकेंगे। इस अवसर पर अरिश अनवर, लता कैलाश चन्द्राकर, युवराज साहू, स्वच्छ भारत मिशन के नौशाद बक्श, रमा महानंद, मोहनदास मानिकपुरी, झम्मन साहू सहित स्वसहायता समूह के सदस्य, स्वच्छता दीदी आदि उपस्थित थे।
 


अन्य पोस्ट