दूसरे गांव, दूसरे समिति, दूसरे लोगों की खेती की जमीन को भी अपने परिचितों और रिश्तेदारों के रकबे में जोड़ दिया
जिस फर्जी रकबे में करोड़ों कीमती धान खरीदी होती, उनके पास उतनी खेती की जमीन ही नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जनवरी। शिकायत के बाद धान खरीदी में अनियमितता पाए जाने पर प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जाड़ामुड़ा पंजीयन क्रमांक.879 के समिति प्रभारी उमेश भोई को निलबित कर दिया गया है। साथ ही कम्प्यूटर ऑपरेटर मनोज प्रधान एवं मनीष प्रधान को समिति के कार्यों से कार्य मुक्त कर दिया गया है।
सहकारी समिति जाड़ामुड़ा के प्राधिकृति अधिकारी एस के डे द्वारा जारी आदेश के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान खरीदी में उमेश भोई व दोनों कम्प्यूटर ऑपरेटरों ने अपने दायित्वों का निर्वहन करने में चूक करते हुए धान खरीदी कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितता बरती है। अत: समिति द्वारा सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए यह कार्रवाई की गई है।
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी वर्ष 2023-24 के लिए 01 नवम्बर 2023 से 31 जनवरी 2024 तक सरकार द्वारा समर्थन मूल्य पर किसानों से धान की खरीदी की जा रही है। इसी खरीदी वर्ष में महासमुंद जिले के पिथौरा ब्लॉक के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति जड़ामुड़ा में यह बड़ा फर्जीवाड़ा उजागर हुआ है। जिसमें जाड़ामुड़ा समिति के कर्मचारियों ने धान खरीदी के लिए अपने परिचितों, किसानों और अपने रिश्तेदारों के खेत के रकबे को फर्जी तरीके से बढ़ा दिया है और उस फर्जी रकबे में करोड़ों कीमती धान खरीदी हो रही है। जबकि उनके पास उतनी खेती की जमीन ही नहीं है। यहां तक कि दूसरे गांव, दूसरे समिति, दूसरे लोगों की खेती की जमीन को भी अपने परिचितों और रिश्तेदारों के रकबे में जोड़ दिया गया है।
0 प्रकरण 1-में रामप्रसाद पिता नंदलाल के पास 0.9700 हेक्टेयर यानी 02 एकड़ 45 डिस्मिल जमीन है। इसे बढ़ाकर 14.3300 हेक्टेयर यानी 37 एकड़ किया गया है। वास्तविक जमीन के हिसाब से इसे 53 क्विंटल धान बेचने की पात्रता रखता है लेकिन अभी तक इनके नाम से 426 क्विंटल धान बेचा जा चुका है।
0 प्रकरण 2-में दासरथी पिता ईश्वर के पास 3.8300 हेक्टेयर मतलब 9 एकड़ 57 डिसमिल खेती की जमीन है। जिसे बढ़ाकर 14.2500 हेक्टेयर यानी 35 एकड़ 62 डिसमिल किया गया है। इन्हें वास्तविक खेत के रकबे 9 एकड़ 57 डिसमिल में 200 क्विंटल 97 किलोग्राम धान बेचने की पात्रता है लेकिन अभी तक इनके द्वारा 738 क्विंटल धान बेचा जा चुका है।
0 प्र्रकरण 3-में गौतम बरिहा पिता कुसनो के पास 0.72 एकड़ खेती की जमीन है। जिसे बढ़ाकर 7.1800 हेक्टेयर यानी 17 एकड़ 95 डिसमिल किया गया है और इसमें 252 क्विंटल धान बेचा जा चुका है।
0 प्रकरण 4-में ईश्वर पिता उदेमणी ग्राम जाड़ामुड़ा के पास 12.1100 हेक्टेयर मतलब 30 एकड़ 28 डिसमिल खेती की जमीन है। जिसे बढ़ाकर 18.3200 हेक्टेयर मतलब 45 एकड़ 80 डिसमिल किया गया है। इनके खेती की रकबा में उन किसानों का भी रकबा जुड़ा है जिनकी मौत हो चुकी है। जिसमें टेंगनू पिता दुलारू ग्राम भतकुंदा की मौत 7.8 साल पहले हो चुकी है। इसी तरह अनंद सिंह पिता भूतनाथ ग्राम भतकुंदा की भी मौत हो चुकी है।
प्रकरण 5-में मनोहर पिता बैकुंठबिहारी के पास 2.9100 हेक्टेयर यानी 7 एकड़ 28 डिसमिल खेती की जमीन है। जिसे बढ़ाकर 7.8800 हेक्टेयर यानी 19 एकड़ 70 डिसमिल किया गया है।
0 प्रकरण 6-में संतलाल पिता ईश्वर के पास 3.9200 हेक्टेयर यानी 9 एकड़ 80 डिसमिल खेती की जमीन है जिसे बढ़ाकार 15.1500 हेक्टेयर यानी 37 एकड़ 87 डिसमिल किया गया है। इसी तरह बोधराम, घनशयाम, सावित्री, शिव बरिहा, मुरारीलाल, जीवनलाल पिता कुंजराम सहित लगभग 18 किसानों का रकबा बढाया गया है।
फर्जीवाड़ा ऐसे किया गया-जिन किसानों ने पंजीयन नहीं कराया है, उनसे बिना पूछे, बिना जानकारी के उन किसानों के रकबे को अपने परिचित और अपने रिश्तेदारों के रकबे में जोडक़र रकबा बढ़ाया गया। बढ़ाए हुए फर्जी रकबे से करोड़ों की धान खरीदी की गई। गिरदावरी रिपोर्ट आने के बाद समिति में पंजीयन का कार्य समिति प्रभारी प्रबंधक और कम्प्यूटर आपरेटर द्वारा ही किया जाता है। प्रबंधक किसानों का रकबा चेक करता है फिर आपरेटर उसे कम्प्यूटर में इंट्री करता है। इसी समय फर्जी तरीके से रकबा बढाया गया।)
फर्जीवाड़ा करने के लिए धान खरीदी के पूर्व से ही सुनियोजित तरीके से किसानों के धान का रकबा बढ़ाया गया। फर्जीवाड़ा करने वाले कर्मचारियों को शायद पहले से ही पूर्वाभास हो चुका था कि प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनेगी और प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी होगी। यह भी पता था कि प्रत्येक क्विंटल का समर्थन मूल्य 3100 रुपए होगा। इसीलिए छत्तीसगढ़ में सरकार बनने के पूर्व अक्टूबर 2023 में ही समिति के प्रभारी प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर ने मिलकर फर्जी पंजीयन किया ताकि फर्जी रकबे के जरिए फर्जी तरीके से धान की खरीदी किया जा सके। जाड़ामुड़ा समिति के प्रभारी प्रबंधक उमेश भोई और मनोज कुमार आपरेटर थे। जिन्होंने धान खरीदी फड़ में बिना धान लाये ही धान का आवक और राइस मिल को जावक दिखाकर सरकार और जिला प्रशासन की आंखों में धूल झोक रहे थे।