महासमुन्द

आक्रोश के कारण रोकनी पड़ी बेदखली की कार्रवाई
20-Jan-2024 3:19 PM
आक्रोश के कारण रोकनी पड़ी बेदखली की कार्रवाई

पीएम आवास योजना के तहत मकान बनाने दिया आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जनवरी।
बागबाहरा शांति नगर वार्ड 3 में शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण कर आवासरत लोगों पर नपा एवं राजस्व विभाग द्वारा की गयी बेदखली कार्रवाई लोगों के आक्रोश की वजह से रोकनी पड़ी है। कब्जारत लोगों को नोटिस देने के बाद सुनवाई का अवसर नहीं दिये जाने के कारण लोगों में आक्रोश था। कल ही सुबह बगैर सूचना के जिन दो लोगों के भी मकान ढहाये गए थे,उन्हें आवास योजना के तहत मकान बनवाने का आश्वासन भी अधिकारियों को देना पड़ा। अतिक्रमणकारियों के लिये सहानुभूति पूर्वक विचार कर आश्वासन देने के बाद मामला शांत हुआ। 

यह मामला बागबाहरा के शांति नगर में सरस्तवी शिशु मंदिर शाला परिसर से लगे शासकीय भूमि का है। यहां पिछले 10-12 सालों से मकान बनाकर रह रहे कब्जाधारियों की बेदखली के लिए सुबह 5.30 बजे के आसपास तहसीलदार एवं सीएमओ सहित नपा अमला बुलडोजर लेकर मकानों को तोडऩे पहुंचा। जैसे ही अमले ने कार्रवाई शुरू की, लोगों को इसकी खबर लगी और सारे कब्जाधारी वहां एकत्र हो गये। बताया जाता है कि उनके आक्रोश को देखकर कार्रवाई रोक देना पड़ा। 

लोगों का कहना था कि नपा द्वारा उन्हें बिना अनुमति के निर्माण करने संबंधी 16 जनवरी को तीन दिन के समय का जारी पत्र 18 को मिला। जिसमें उन्हें दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु तीन दिन का समय दिया था। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को वे नपा गये थे। लेकिन वहां अधिकारी नहीं मिले और आज सुबह-सुबह बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंच कर मकान ढहाने की कार्रवाई शुरू कर दी। महिलाओं ने बताया कि रेलवे की भूमि पर काबिज लोगों ने रेलवे की नोटिस के बाद इस शासकीय भूमि पर मकान बना कर रहना शुरू किया था। 

कार्यालय खुलते ही कब्जाधारी बेदखली की कर्रावाई बगैर सुनवाई के करने के विरोध में नपा पहुंचे और वहां आक्रोश व्यक्त किया। अंत में नपा द्वारा जिन दो लोगों के मकान ढहाये गए थे, उन्हें आवास योजना के तहत तत्काल भवन बनाने का आश्वासन दिया गया। 

इस संबंध में पार्षद प्रतिनिधि कुलेश देवांगन ने बताया कि वहां 35-40 लोग काबिज हैं। उन्हें जमीन एलाट कर प्रधानमंत्री आवास योजन का लाभ दिया जाएगा।


अन्य पोस्ट