‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 27 जनवरी। शिक्षा एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान, राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके अलावा कलेक्टोरेट और अपने निवास में कलेक्टर प्रभात मलिक, एसपी कार्यालय में पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा. नगरपालिका परिषद में राशि त्रिभुवन महिलांग, जनपद कार्यालय में जनपद अध्यक्ष यतेन्द्र साहू, कांग्रेस भवन में जिला अध्यक्ष रश्मि, चंद्राकर, सरायपाली में विधायक चातुरी नंद ने तिरंगा फहराया।
जिला का मुख्य समारोह महासमुंद स्थित मिनी स्टेडियम में हुआ, जहां शिक्षा मंत्री श्री अग्रवाल ने परेड निरीक्षण कर परेड की सलामी ली। उसके पश्चात मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश का वाचन किया। समारोह महासमुंद के मिनी स्टेडियम में आयोजित किया गया था। मंत्री श्री अग्रवाल ने हर्ष के प्रतीक तीन रंग के गुब्बारे आकाश में छोड़े।
इस अवसर पर महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष उषा पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष राशि महिलांग, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक विमल चोपड़ा व जिला भाजपा अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, पूर्व सदस्य युवा आयोग प्रशांत श्रीवास्तव, जनपद अध्यक्ष यतेंद्र साहू, चंद्रहास चंद्राकार, संदीप दीवान, कलेक्टर प्रभात मलिक, पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा, वन मंडलशिकारी पंकज राजपूत, जिला पंचायत सीईओ एस.आलोक, अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा नागरिक उपस्थित थे।
तत्पश्चात् प्लाटून 20वीं वाहिनी छ.ग.सशस्त्र पुलिस बल, जिला पुलिस बल, नगर सेना महिला प्लाटून, सीनियर डिवीजन एनसीसी, एनएसएस महाविद्यालय, जूनियर डिवीजन एनसीसी, गाईड, स्काउट, एनएसएस बालक-बालिका एवं रेडक्रॉस बालिका के टुकडिय़ों द्वारा मार्च पास्ट कर सलामी दी गई। शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने शहीदों के परिजनों से मुलाकात की और उन्हें शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके पश्चात विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों के 900 छात्र-छात्राओं ने पीटी प्रदर्शन किया। इसके बाद शिशु संस्कार केन्द्र, शासकीय डीएमएस. आशी बाई गोलछा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सेजेस हिन्दी माध्यम, सेजेस अंग्रेजी माध्यम एवं सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई।
इसके अलावा 10 विभिन्न विभागों के शासकीय योजनाओं एवं गतिविधियों की झांकियों का प्रदर्शन भी किया गया। इसके साथ ही जिला और पुलिस प्रशासन के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और जवानों तथा एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड के प्लाटून एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देने वाले स्कूल विद्यार्थी टीम को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान कर पुरस्कृत किया गया।
शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने गणतंत्र दिवस समारोह में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विभागों की झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल स्कूली विद्यार्थियों, परेड में शामिल होने वाले वरिष्ठ सशस्त्र समूह, परेड वरिष्ठ समूह, परेड कनिष्ठ समूह एवं प्लाटून कमांडरों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान सेजेस अंग्रेजी माध्यम महासमुंद, द्वितीय स्थान शासकीय आशी बाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला महासमुंद और तृतीय स्थान सरस्वती शिशु मंदिर महासमुंद ने प्राप्त किया। इसी प्रकार विभागीय झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान शिक्षा विभाग, द्वितीय स्थान स्वास्थ्य विभाग एवं तृतीय स्थान उद्यानिकी क्रेडा विभाग ने प्राप्त किया।
इसके अलावा परेड वरिष्ठ सशस्त्र समूह में प्रथम स्थान 20वीं वाहिनी, छग. सशस्त्र पुलिस बल, द्वितीय स्थान जिला पुलिस बल, तृतीय स्थान नगर सेना महिला प्लाटून ने प्राप्त किया। परेड वरिष्ठ समूह में प्रथम स्थान सीनियर डिवीजन एनसीसी, द्वितीय स्थान एनएसएस महाविद्यालय ने प्राप्त किया। इसी प्रकार परेड कनिष्ठ समूह में प्रथम स्थान गाईड, द्वितीय स्थान एनएसएस बालिका विद्यालय, तृतीय स्थान जूनियर डिवीजन एनसीसी ने प्राप्त किया।