महासमुन्द

प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने रामचंडी मंदिर में करेंगे 21 सौ दीप प्रज्वलित
20-Jan-2024 2:39 PM
प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने रामचंडी मंदिर में करेंगे 21 सौ दीप प्रज्वलित

कहा जाता है राजा जनक इसी स्थान पर अपनी प्रजा के साथ किसानों से मिले थे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 20 जनवरी। महासमुंद के फु लझर अंचल में प्रसिद्ध मंदिरों के साथ-साथ कोलता समाज की आराध्य देवी के रूप में विराजित रामचंडी मंदिर को भी सजाया जा रहा है।

कोलता समाज के अध्यक्ष गिरधारी साहू ने बताया कि  22 जनवरी को यहां विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन रखा गया है। रामचंडी सेवा समिति द्वारा श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा समारोह को यादगार बनाने के लिए अखंड रामायण पाठ एवं दीपोत्सव के साथ इस अवसर पर 2100 दीप प्रज्वलित किये जायेंगे। घर-घर में भी दीप जलाए जाने की अपील की गई है। गढ़ फुलझर में स्थित है मां रामचंडी देवी का मंदिर है।

 कहा जाता है कि राजा जनक राजा भी माता कौशल्या से मिलने कौसल प्रदेश पहुंचे थे। इसी दौरान अपनी प्रजा के साथ उन्होंने इसी स्थान पर किसानों से मिले थे। स्वयं कृषक होने के नाते वे कृषकों के प्रति बड़ा ही सम्मान एवं स्नेह रखते थे।

 ज्ञात हो कि फुलझर अंचल में बड़ी संख्या में कोलाज देवी को अपनी इष्ट देवी मां रामचंडी के रूप में पूजा करते हैं। कोलता समाज के लोग रणेश्वर को देव, रामचंडी को देवी के रूप में पूजते हैं। बाबा बिशासहे कुल कोलता समाज रायपुर संरक्षक हरिचरण प्रधान ने बताया कि जब 1991-92 में अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन की शुरूआत हुई तो कोलता समाज के लोग भी इस आंदोलन से जुड़ गए। अपने इष्ट देवी मां रामचंडी को फुलझर क्षेत्र में स्थापित करने का संकल्प ले कर फुलझर की प्राचीन गढ़ में रामचंडी के भव्य मंदिर का निर्माण कार्य सन् 1994 ई. में प्रारम्भ हुआ। जिसकी प्राण प्रतिष्ठा 2004 ई. को सम्पन्न हुई।

यह मंदिर फुलझर ही नहीं पूरे छत्तीसगढ़ का एकमात्र रामचंडी देवी का मंदिर है। जहां प्रतिवर्ष आश्विन मास के चतुर्दशी तिथि को रामचंडी दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस बार श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा की तैयारी में पूरे समाज के लोग लगे हुए हैं। सहायक प्राध्यापक सीमारानी प्रधान ने बताया कि इस कृषक समाज की बोली मैथिली रही है। मगर अवधी, मागधी एवं उडिय़ा भाषा के सम्मिश्रण से जो एक नई भाषा के रूप में जन्म लिया है, उसे आज संबलपुरी या कोसली भाषा कहा जाता है। महानदी के तट यानी कोलता समाज का इतिहास कुल पर निवास करने की वजह से इस जाति की पहचान कुलतिया के रूप में होने लगी जिसका अपभ्रंश रूप में आज कोलता या कुलता के रूप में प्रयोग किया जाता है। कोलता शब्द कुलता का ही तद्भव रूप है।

व्याख्याता कमलेश साहू ने बताया कि कोलता जाति मूलत: कृषक जाति है। उड़ीसा में इन्हें चासी कुलता के रूप में विभुषित किया गया है। जब फुलझर क्षेत्र से भैना राजवंश का पतन हुआ और यहां से कृषक समाज के रूप में ख्याति प्राप्त कुर्मी समाज का पलायन हुआ तो फुलझर की उपजाऊ मिट्टी ने कोलता जाति के लोगों को आकर्षित किया। गोॅड़वाना शासकों के दौरान फुलझर रियासत संबलपुर राज्य के अठारह गढ़ समूह में शामिल था तथा संबलपुर मध्यप्रांत कोसल प्रदेश के अंतर्गत आता था। फुलझर के शासकों ने कोलता समाज को अपने क्षेत्र में बसने के लिए प्रेरित किया। कालांतर में कोलता जाति के लोग फुलझर क्षेत्र में बसने लगे।


अन्य पोस्ट