महासमुन्द

कोलकाता से जूट बारदानों की सप्लाई नहीं, मिलरों ने लाखों फटे बारदाने भेजे
21-Jan-2024 3:09 PM
कोलकाता से जूट बारदानों की सप्लाई नहीं, मिलरों ने लाखों फटे बारदाने भेजे

राइस मिल से भेजे गए बारदानों में 30 फीसदी रिजेक्ट निकल रहे

अब बारदाने की कमी से धान खरीदी प्रभावित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,21 जनवरी।
कोलकाता से जूट बारदानों की सप्लाई नहीं होने की वजह महासमुंद जिले की सोसायटियों में बारदाने की कमी हो गई है। राइस मिल से भेजे गए बारदानों में 30 फ ीसदी बारदाने रिजेक्ट निकल रहे हैं। अत: सोसायटियों में वर्ष 2020-21 के तीन साल पुराने बारदानों में धान खरीदा जा रहा है। 

दरअसल, इस बार प्रति एकड़ 6 क्विंटल अधिक खरीदी की वजह से ही यह स्थिति निर्मित हुई है। छ: क्विंटल अतिरिक्त के हिसाब से सोसायटियों को 15 कट्टा अतिरिक्त बारदाना लग रहा है। अब प्लास्टिक बारदानों को हुक लगाने पर फटने जैसी स्थितियों का भी सामना करना पड़ रहा है। यदि प्लास्टिक के नए बारदाने होते तो भी कोई परेशानी नहीं होती लेकिन 3 साल पुराने बारदाने होने की वजह से इन बारदानों की लाइफ  ऐसे ही समाप्त हो चुकी है।

शहर के बेमचा सोसायटी में कुल 85 हजार 660 पुराना जूट बारदाना भेजा गया था। इनमें से 5 हजार बारदान रिजेक्ट निकल गया। अब तक जैसे-तैसे यहां फटे बारदानों को ही रिपेयर कर काम चलाया जा रहा था। लेकिन अनेक बारदाने इतने अधिक खराब हो चुके थे कि  उनमें धान नहीं भरा जा सकता। फलस्वरूप पुराने प्लास्टिक बारदानों में ही धान भरा जा रहा है। राईस मिलर्स द्वारा जो पुराने बारदाने खरीदी केंद्रों में दिए गए हैं, उनमें करीब 30 फीसदी बारदाने फटे हुए निकल रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मिलर्स द्वारा अब तक करीब 25 लाख ऐसे पुराने बारदाने भेजे गए हैं जिनमें छह लाख बारदाने फटे हुए मिले हैं। ऐसे बारदानों को खरीदी केंद्रों में छांटकर अलग रख दिया गया है। इसीलिए अब उपार्जन केंद्रों में पुराने बारदानों की कमी पड़ रही है।

डीएमओ राहुल अंद्रस्कर ने बताया कि 26 हजार गठान नए बारदाने जिले को भेजे गए थे। जिन प्लास्टिक बारदानों में खरीदी की जा रही है वे सारे राइस मिलर्स के ही हैं। मिलर्स इन फटे हुए बारदानों को वापस नहीं ले जा रहे हैं। मिलर्स और पीडीएस से प्राप्त पुराने बारदानों के लिए शासन द्वारा भुगतान किए जाने का प्रावधान है। पुराने बारदाने के लिए मिलर्स को जहां प्रति नग 18 रुपए भुगतान किया जाता है, वहीं पीडीएस के तहत प्राप्त बारदानों के लिए प्रति नग 25 रुपए दिया जाता है। इस बार 26 हजार गठान नए बारदानों की खरीदी की गई थी। बावजूद अब भी कमी है। समय भी कम है। ऐसे में धान खरीदी का लक्ष्य कैसे पूरा होगा, इसे लेकर सोसायटी प्रबंधक भी परेशान हैं। 

मिली जानकारी के मुताबिक 1 नवंबर से धान खरीदी शुरू हुई थी, जो 31 जनवरी तक जारी जारी रहेगी। दो माह बीतने को है। लेकिन लक्ष्य के अनुरूप धान खरीदी में तेजी नहीं आई है। बेमचा सोसायटी के प्रबंधक पुरानिक साहू ने बताया कि राइस मिल से मिले बारदानों में 30 फीसदी बारदाने रिजेक्ट निकल रहे हंै। फलस्वरूप प्लास्टिक बोरियों में खरीदी करने की मजबूरी है। चरोदा सोसायटी के प्रबंधक जयप्रकाश साहू ने बताया कि 2020-21 सोसायटियों को मिले बारदाने में खरीदी की जा रही है। वहीं इस बार 6 क्विंटल अतिरिक्त धान खरीदी की वजह से बारदानों की कमी बनी हुई है।

जिले में विभाग ने 10 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा था। आज की स्थिति में 8 लाख 90 हजार 536 मिट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। इनमें से 7 लाख 10 हजार मीट्रिक टन का उठाव हो चुका है। अब भी सोसायटियों में 1 लाख 79 हजार 565 मिट्रिक टन धान का उठाव होना शेष है।

शासन ने 31 जनवरी तक धान खरीदी का लक्ष्य रखा है। लेकिन 6 क्विंटल अतिरिक्त खरीदी की वजह से इसमें समय लग रहा है। अब तक 81 दिन खरीदी के पूरे हो चुके हैं। अब बचे दिनों में 4 दिन अवकाश हैं। ऐसे में लक्ष्य की पूर्ति मुश्किल लग रही है। 
 


अन्य पोस्ट