‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 3 अगस्त। छत्तीसगढ़ प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग समाज की जिला स्तरीय बैठक रविवार को साहू समाज भवन, कंकालीनपारा (नया बस स्टैंड के पीछे) में जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, समाज के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों तथा आगामी प्रदेश स्तरीय कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 18 अक्टूबर को रायपुर में आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ प्रदेश अन्य पिछड़ा वर्ग समाज के स्थापना दिवस समारोह में जिले से अधिक से अधिक संख्या में समाजजनों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए जिला एवं ब्लॉक स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा तथा कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अलग-अलग जिम्मेदारियां भी तय की जाएंगी।
बैठक के दौरान समाज से जुड़ी प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने जातिगत जनगणना, अन्य पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण का प्रभावी क्रियान्वयन, तथा ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए छात्रावासों की स्थापना एवं सुविधाओं के विस्तार जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया। समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि इन मांगों को लेकर लगातार जनजागरण किया जाएगा और शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से अपनी बात पहुंचाई जाएगी।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 11 अगस्त को समाज की विभिन्न मांगों के समर्थन में राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे और अपनी मांगों को मजबूती से रखेंगे।
जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत यादव ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के उद्देश्य से व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक गांव और पंचायत में समाज के लोगों को जोड़ते हुए संगठन का विस्तार किया जाएगा, ताकि अन्य पिछड़ा वर्ग समाज की आवाज अधिक प्रभावी ढंग से उठाई जा सके।
प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर जिले के सभी ब्लॉकों में चरणबद्ध तरीके से बैठकें आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।
इन बैठकों के माध्यम से अन्य पिछड़ा वर्ग में शामिल सभी समाजों को एक मंच पर लाने, सामाजिक एकता को मजबूत करने तथा समाज के अधिकारों और हितों के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने पर सहमति बनी। साथ ही शासन द्वारा समाज हित में किए गए कार्यों एवं योजनाओं की जानकारी भी ग्राम स्तर तक बैठकों के माध्यम से पहुंचाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में प्रमुख रूप से जिला कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत यादव, महासचिव अशोक यादव, जिला उपाध्यक्ष दशरथ साहू, जिला संगठन मंत्री वेद प्रकाश सिंह, अलीत सिन्हा, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष जतिन एडभैया, साहू समाज ब्लॉक अध्यक्ष भानुप्रतापपुर गुलाब साहू, यादव समाज से गिरधर यादव, निषाद समाज अध्यक्ष प्रकाश निषाद, सेन समाज के रूम सेन, ब्लॉक अध्यक्ष कांकेर धनेश यादव, ब्लॉक अध्यक्ष चारामा राजकुमार साहू, परिक्षेत्र सचिव कोरर हरेराम साहू, जिला मीडिया प्रभारी मनोज जायसवाल, उपाध्यक्ष भानुप्रतापपुर दुर्गा प्रसाद जैन, युवा प्रकोष्ठ कोरर हुकुम साहू, अरुण ताम्रकार, युवा प्रकोष्ठ नरहरपुर योगेश नाग, सतीश साहू सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में समाज की एकजुटता बनाए रखने, संगठन को मजबूत करने तथा सामाजिक, शैक्षणिक और संवैधानिक अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया गया।