कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 7 अगस्त। शहर के अलबेलपारा क्षेत्र में देर रात भालुओं का एक झुंड दिखाई देने से मोहल्ले में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के अनुसार रात के समय भालूओं का झुंड की सडक़ों और गलियों में घूमते नजर आए, जिससे लोगों ने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भालुओं के दिखाई देने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने शोर मचाकर एक-दूसरे को सतर्क किया। कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि किसी जनहानि या हमले की सूचना नहीं मिली है, लेकिन लगातार भालुओं की आमद से क्षेत्र के लोग भयभीत हैं। ग्राम लारगांव-मरकाटोला में भालू के हमले से दो ग्रामीणों और सिंहारीनाला में एक ग्रामीण की मौत होने होने के बाद लोगों में काफी दहशत है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जंगल से लगे इलाकों में भोजन और पानी की तलाश में वन्यजीव अक्सर आबादी की ओर आ रहे हैं। हाल के दिनों में जिले में भालुओं की गतिविधियां बढऩे से लोगों में चिंता और भी बढ़ गई है।
ग्रामीणों एवं मोहल्लेवासियों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, भालुओं की गतिविधियों पर निगरानी रखने तथा लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
फिलहाल वन विभाग की ओर से इस घटना को लेकर आधिकारिक पुष्टि या विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। लोगों से अपील की गई है कि यदि भालू दिखाई दें तो उनके पास जाने या उन्हें उकसाने का प्रयास न करें तथा तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।