कांकेर

अस्पताल परिसर से चोरी हुई बाइक 48 घंटे के भीतर बरामद, आरोपी गिरफ्तार
05-Aug-2026 10:48 PM
अस्पताल परिसर से चोरी हुई बाइक 48 घंटे के भीतर बरामद, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 5 अगस्त। कांकेर पुलिस ने शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल परिसर से चोरी हुई मोटरसाइकिल के मामले का 48 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई होंडा लियो मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 19 बीजी 2967) भी बरामद कर ली है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी घनश्याम शोरी, निवासी पंडीपारा हरनपुरी (थाना कोरर) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 2 अगस्त 2026 को वह अपनी होंडा लियो मोटरसाइकिल शासकीय कोमलदेव जिला अस्पताल की पार्किंग में खड़ी कर अस्पताल के अंदर भोजन देने गया था। लौटने पर उसकी मोटरसाइकिल पार्किंग से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन का पता नहीं चलने पर उसने थाना सिटी कोतवाली कांकेर में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 303(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस एवं साइबर टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की तलाश की। जांच के दौरान शासकीय शराब दुकान पण्डरीपानी के पास संदेही नीरज नाग के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी नीरज नाग हाटकोगेंरा, जिला उत्तर बस्तर कांकेर ने अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर आरोपी को 4 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2024 में भी एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है।


अन्य पोस्ट