कांकेर
कांकेर, 31 जुलाई। पुलिस ने अनुशासनहीनता के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोयलीबेड़ा में पदस्थ सहायक आरक्षक क्रमांक-136 झिरटी राम दुग्गा को सेवा से पृथक कर दिया है। विभागीय जांच में लगातार अनाधिकृत अनुपस्थिति और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के आरोप प्रमाणित होने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस विभाग के अनुसार सहायक आरक्षक झिरटी राम दुग्गा 5 जुलाई 2024 से बिना किसी सूचना अथवा स्वीकृति के लगातार अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित था।मामले की प्रारंभिक जांच थाना स्तर पर कराई गई, जिसमें आरोप सही पाए जाने के बाद विभागीय जांच के आदेश दिए गए। जांच अनुविभागीय अधिकारी पुलिस, अंतागढ़ द्वारा संपादित की गई। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित कर्मचारी लंबे समय से बिना अनुमति गैरहाजिर था।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि झिरटी राम दुग्गा का सेवा रिकॉर्ड पहले से ही अनुशासनहीनता से जुड़ा रहा है। पूर्व सेवा अवधि में शासकीय कर्तव्यों के प्रति लापरवाही के कारण उसे 8 बार विभागीय दंड दिया जा चुका था।
वहीं 16 अलग-अलग अवसरों पर कुल 1024 दिनों की अनाधिकृत अनुपस्थिति का निराकरण ‘काम नहीं, वेतन नहीं ’ के सिद्धांत के तहत किया गया था।
पुलिस विभाग ने बताया कि कई अवसर दिए जाने के बावजूद संबंधित कर्मचारी के व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया और उसने विभागीय नियमों का लगातार उल्लंघन जारी रखा। गंभीर कदाचार और आरोप प्रमाणित होने के बाद विभागीय नियमों के तहत 28 जुलाई 2026 को उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने कहा कि कांकेर पुलिस में अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध निष्पक्ष एवं कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, जबकि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।