कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 4 अगस्त। कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीडि़ता ने 3 अगस्त को थाना पखांजूर में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि उसके भाई के व्यवसायिक साझेदार चन्द्रशेखर पोया का उसके घर आना-जाना था। वर्ष 2018 में आरोपी ने शादी का वादा कर उसे अपने विश्वास में लिया।
पीडि़ता का आरोप है कि 10 मार्च 2018 की रात घर में रुकने के दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन रेप किया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी शादी का आश्वासन देकर लगातार उसका शारीरिक शोषण करता रहा। बाद में जब आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया, तब पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर थाना पखांजूर में भारतीय दंड संहिता की धारा 376 एवं 376(2) के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अफसरों के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पखांजूर कुलदीप बंजारे के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक तेज कुमार वर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चन्द्रशेखर पोया को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।