कांकेर

जंगल में जुआ खेलते डिप्टी रेंजर समेत 4 गिरफ्तार
04-Aug-2026 3:52 PM
 जंगल में जुआ खेलते डिप्टी रेंजर समेत 4 गिरफ्तार

सवा लाख की नगदी, बाइक और मोबाइल जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 4 अगस्त। कांकेर जिले की भानुप्रतापपुर पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगल में ताश के पत्तों से हार-जीत का जुआ खेल रहे एक डिप्टी रेंजर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल और ताश के 52 पत्ते जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 1,25,800 बताया गया है।

पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीमाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी शेर बहादुर सिंह ठाकुर के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 2 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम रानीडोंगरी के जंगल में खेत के पास बनी लाड़ी में बिजली की रोशनी में कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और चार लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने जुआ खेलना स्वीकार किया। इसके बाद थाना भानुप्रतापपुर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(1) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। गिरफ्तार आरोपियों में प्रकाश यादव (45 वर्ष), राजकुमार साहू (42 वर्ष), अश्वन पटेल (34 वर्ष) तथा मनीष जैन (61 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं जुआ फड़ से कुल 15,800 नगद, दो मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन तथा 52 ताश के पत्ते जब्त किए।

 

जब्त संपत्ति का कुल अनुमानित मूल्य 1,25,800 आंका गया है।

कांकेर पुलिस ने कहा है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट