कांकेर

ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूट, आरोपी बंदी
05-Aug-2026 10:47 PM
ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूट, आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 5 अगस्त।  ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटने का  खुलासा करते हुए आरोपी को कांकेर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

 पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और थाना कांकेर की गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है। मोबाइल की कीमत लगभग 12 हजार बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम मंगहूर निवासी सयजू सलाम ने थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह निजी कार्य से रायपुर गया था। दो अगस्त की रात कांकेर लौटने के बाद बस स्टैंड में रुका हुआ था। तीन  अगस्त की सुबह करीब 6 बजे एक युवक ने धारदार ब्लेड दिखाकर उसे धमकाया और उसका मोबाइल लूटकर टिकरापारा बस्ती की ओर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 309(4) के तहत विवेचना शुरू की।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर टिकरापारा स्थित मेलाभाठा क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी शिवा वाल्मिकी कांकेर को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने ब्लेड दिखाकर मोबाइल लूटने की घटना स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल बरामद कर जब्त कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध चोरी, नकबजनी, लूट, आर्म्स एक्ट, राज्य सुरक्षा अधिनियम सहित कई गंभीर आपराधिक प्रकरण पहले से दर्ज हैं। वह थाना कांकेर का आदतन अपराधी होने के साथ गुंडा-बदमाश सूची में भी शामिल है। पुलिस ने आरोपी को 4 अगस्त को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट