कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 29 जुलाई। कांकेर जिले में मलेरिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच भानुप्रतापपुर विकासखंड के चिचगांव में मलेरिया पीडि़त एक महिला की मौत हो गई। आरोप है कि महिला को समय पर उपचार नहीं मिलने और एंबुलेंस पहुंचने में देरी के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। इस घटना के साथ ही जिले में करीब एक सप्ताह के भीतर मलेरिया से तीन लोगों की मौत होने की बात सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, चिचगांव निवासी महिला की 27 जुलाई को गांव की मितानिन ने घर पहुंचकर जांच की थी। जांच में महिला के मलेरिया पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मितानिन ने स्वास्थ्य विभाग को इसकी सूचना देने के साथ महिला को मलेरिया की दवा भी उपलब्ध कराई थी। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना दिए जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग की टीम समय पर मरीज को देखने गांव नहीं पहुंची।
बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह महिला की तबीयत अचानक ज्यादा बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस की मदद मांगी गई, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने में भी देरी होने का आरोप है। इसी दौरान महिला की मौत हो गई।
इससे पहले जिले में छात्रावास में रहकर पढ़ाई करने वाले दो बच्चों की भी मलेरिया से मौत हो गई थी।