कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 3 अगस्त। उत्तर बस्तर कांकेर पुलिस ने लगभग चार दशक तक उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) समसुद्दीन खान एवं प्रधान आरक्षक महादेव शोरी को सेवानिवृत्ति पर सम्मानपूर्वक एवं भावभीनी विदाई दी। पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में दोनों अधिकारियों के दीर्घ एवं अनुकरणीय सेवाकाल को याद करते हुए उन्हें प्रतीक चिन्ह, शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के नेतृत्व एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन में आयोजित इस समारोह में डीएसपी प्रतिभा लहरे, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) विंकेश्वरी पिंदे, रक्षित निरीक्षक गोविंद वर्मा सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह में बताया गया कि एएसआई समसुद्दीन खान ने 15 जुलाई 1987 को आरक्षक के रूप में पुलिस सेवा शुरू की थी। करीब 39 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने जगदलपुर एवं उत्तर बस्तर कांकेर जिले के विभिन्न थाना, शाखाओं और रक्षित केंद्र में ईमानदारी, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दीं। वहीं प्रधान आरक्षक महादेव शोरी ने 2 फरवरी 1989 को पुलिस सेवा में प्रवेश किया और लगभग 36 वर्ष 10 माह तक विशेष रूप से डॉग हैंडलर के रूप में अपराध अनुसंधान, कानून-व्यवस्था एवं विशेष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संकल्प है। दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ विभाग की प्रतिष्ठा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनका अनुभव और कार्यशैली आने वाली पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
कार्यक्रम के अंत में कांकेर पुलिस परिवार ने दोनों अधिकारियों को भावभीनी विदाई देते हुए उनके स्वस्थ, सुखी एवं सफल जीवन की कामना की।