कांकेर

फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, आरोपी एमपी से बंदी
01-Aug-2026 9:49 PM
फेसबुक पर दोस्ती, शादी का झांसा और नौकरी दिलाने के नाम पर 11 लाख की ठगी, आरोपी एमपी से बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कांकेर, 1 अगस्त।  फेसबुक पर दोस्ती कर शादी का झांसा देने, रेप करने और नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने के नाम पर 10.98 लाख की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने मध्यप्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुर्रे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी रवि कुजूर के पर्यवेक्षण में पखांजूर पुलिस और साइबर सेल कांकेर की संयुक्त टीम ने की।

पीडि़ता ने 18 जुलाई को थाना छोटेडोंगर, जिला नारायणपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2018 में फेसबुक के माध्यम से उसकी पहचान आरोपी से हुई थी। आरोपी ने स्वयं को डॉक्टर बताकर शादी का भरोसा दिलाया और इसी आधार पर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। बाद में नर्सिंग ऑफिसर की नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर विभिन्न किश्तों में कुल 10.98 लाख अपने खाते में प्राप्त कर लिए। लंबे समय तक शादी और नौकरी के नाम पर झांसा देकर आरोपी ने पीडि़ता का आर्थिक, मानसिक और शारीरिक शोषण किया।

शिकायत के आधार पर धारा 376(2), 417 एवं 420 भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल की मदद से आरोपी का पता लगाकर उसे बैतूल (मध्यप्रदेश) से हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद 31 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कांकेर भेज दिया गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रीतेश्वर भूमरकर मध्यप्रदेश के रूप में हुई है।


अन्य पोस्ट