कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 28 जुलाई। नाबालिग को घूमने-फिरने का लालच देकर उसके ही घर से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करवाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने फरार चल रहे एक और आरोपी को मंगलवार को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सोने-चांदी के आभूषण सहित घटना में प्रयुक्त आईफोन-15 प्रो मोबाइल बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, कांकेर निवासी महिला ने 23 मार्च को थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि मोहल्ले के कुछ युवकों ने उनके नाबालिग पुत्र को बहला-फुसलाकर घूमने-फिरने का लालच दिया। इसके बाद नाबालिग ने करीब दो माह की अवधि में घर के लॉकर से सोने-चांदी के आभूषण और एक लाख रुपये नगद चोरी कर आरोपियों को दे दिए थे।
मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 112(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान पुलिस ने पूर्व में मामले से जुड़े आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि आरोपी दानिश अडवानी उर्फ आहद अडवानी घटना के बाद से फरार चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वह अपने निवास महादेव वार्ड में आया हुआ है। सूचना के आधार पर उप निरीक्षक मनोरथ जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा अपराध में संलिप्तता स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त आईफोन-15 प्रो मोबाइल बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने का एक लॉकेट, सोने की एक अंगूठी, चांदी की एक जोड़ी पाजेब, चांदी का कमर में पहनने वाला गुच्छा, चांदी की 10 बिछिया और एक आईफोन-15 प्रो मोबाइल बरामद किया है। बरामद सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी दानिश अडवानी उर्फ आहद अडवानी (25 वर्ष)कांकेर को 28 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय कांकेर में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।