कांकेर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कांकेर, 1 अगस्त। कांकेर जिले के रावघाट थाना क्षेत्र में शादीशुदा महिला को धमकी देकर रेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की मदद से आरोपी पकड़ा गया।
आरोपी ने महिला को उसके पति और बच्चों की हत्या की धमकी देकर लंबे समय से प्रताडि़त कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पीडि़ता की शिकायत पर थाना रावघाट में तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंतागढ़ आशीष बंछोर तथा एसडीओपी अंतागढ़ शुभम तिवारी के पर्यवेक्षण में थाना रावघाट, थाना अंतागढ़ और साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान आरोपी लगातार अपना मोबाइल बंद कर स्थान बदलता रहा, जिससे उसकी गिरफ्तारी चुनौतीपूर्ण हो गई। हालांकि तकनीकी विश्लेषण, साइबर सेल की सहायता और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी का पता लगाकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्ण कुमार देहारी मुनगापदर कोलर, थाना रावघाट, जिल कांकेर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की कई धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।