‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 8 अप्रैल। छत्तीसगढ़ शासन बस्तर संभाग के अतिरिक्त पड़ोसी राज्यों में निवासरत परिवारों को भी बेहतर पुनर्वास की सुविधा देगी। इसमें संबंधित राज्यों को समन्वित प्रयास करना होगा। बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह द्वारा दंतेवाड़ा जिला कार्यालय में उक्त निर्देश दिए गए।
राज्य शासन द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए इन प्रवासित परिवारों को उनके मूल गांवों में बसाने की मंशा से प्रवासित परिवारों का सर्वे कार्य किया गया था। इसी परिप्रेक्ष्य में आज सयुंक्त जिला कार्यालय कलेक्टरेट के डंकनी सभाकक्ष में आज आयुक्त, बस्तर संभाग एवं पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज की उपस्थिति में तीन जिले के कलेक्टर सहित बस्तर संभाग से तेलंगाना एवं आंध्रप्रदेश में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बस्तर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों से तेलंगाना एवं आंध्रप्रदेश में प्रवासित परिवारों के पुनर्वास को लेकर आयोजित बैठक में बस्तर कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने विस्तृत रूप से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर से प्रवासित हुए परिवारों के पुनर्वास के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक सर्वे कार्य किया गया है, जिसमें संबंधित परिवारों का भी सराहनीय सहयोग प्राप्त हुआ है।
श्री सिंह ने बताया कि आयोग से प्राप्त निर्देशों के अनुरूप पुनर्वास की प्रक्रिया को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जो परिवार बस्तर लौटकर निवास करना चाहते हैं, उनके लिए केंद्र शासन, राज्य शासन एवं संबंधित राज्यों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही आगे कहा कि जो परिवार वर्तमान में तेलंगाना एवं आंध्रप्रदेश में ही निवास करना चाहते हैं, उनके लिए संबंधित राज्य सरकारों से समन्वय कर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी पहल की जाएगी, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।बैठक में कमिश्नर ने निर्देशित किया कि सभी प्रवासित परिवारों से चर्चा कर उनकी सहमति के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें, जिससे आगे की कार्यवाही सुचारू रूप से की जा सके।
बैठक में बस्तर आईजी सुन्दरराज.पी. ने कहा कि दंतेवाड़ा, सुकमा और बीजापुर जिलों के अधिकारियों द्वारा सीमावर्ती क्षेत्रों में जाकर विस्तृत सर्वेक्षण किया गया है। इस सर्वे के माध्यम से वहां निवास कर रहे प्रवासित परिवारों की वास्तविक स्थिति, आवश्यकताओं और समस्याओं का आकलन किया गया। उन्होंने बताया कि सर्वे रिपोर्ट के आधार पर पुनर्वास की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाया जाएगा। साथ ही सभी विभागों के समन्वय से हितग्राहियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया, ताकि उन्हें सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन मिल सके।
प्रवासियों के पुनर्वास हेतु ठोस पहल
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि प्रवासित परिवारों के पुनर्वास हेतु सार्थक एवं ठोस पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया में आप सभी के माध्यम से प्राप्त समस्याओं और मांगों को गंभीरता से संकलित किया जा रहा है। इन मुद्दों के समाधान के लिए पूरी टीम समन्वय के साथ कार्य करते हुए केंद्र, राज्य शासन एवं संबंधित अन्य राज्यों से निरंतर संवाद स्थापित कर रही है। कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि सभी पात्र परिवारों को योजनाओं का लाभ दिलाने एवं उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में सुकमा कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि प्रवासित परिवारों की समस्याओं के समाधान हेतु प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि सर्वे के माध्यम से वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया है तथा हितग्राहियों को पैकेज भी प्रदान किया जा रहा है। साथ ही राज्य स्तरीय समिति में बिंदुवार समस्याएं और मांगें रखी जाएंगी, जिसमें अन्य राज्यों से जुड़े जमीन पट्टा एवं जाति-निवास प्रमाण पत्र जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल हैं। बैठक में बीजापुर जिला पंचायत सीईओ नम्रता चौबे ने कहा कि बीजापुर के प्रवासित परिवारों के साथ एक और बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में उनकी समस्याओं, मांगों एवं पुनर्वास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।