दन्तेवाड़ा

बचेली, 23 जून। नगर के मुख्य मार्ग पर एक बाइक चालक की लापरवाही हादसे का कारण बन गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह दुर्घटना रविवार दोपहर की है।
मिली जानकारी के अनुसार दंतेवाड़ा जाने वाली मार्ग पर मोड़ के पास उस समय हुई, जब भांसी की ओर से तेज गति से आ रहा करण नामक युवक अपनी बाइक से एनएमडीसी कर्मी लिंगू राम भास्कर को टक्कर मार बैठा। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त लिंगू राम भास्कर अपनी बाइक के साथ अस्थायी आयुर्वेदिक दुकान के पास खड़ा था, तभी करण ने संतुलन खोते हुए उन्हें टक्कर मार दी। इस टक्कर में दोनों घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तुरंत अपोलो अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद लिंगू राम की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हैदराबाद भेज दिया गया। बताया जा रहा है कि लिंगू का दाहिना पैर घुटने के नीचे से टूट चुका है। वहीं घायल करण को हल्की चोटें आई थी, उपचार के बाद भेज दिया गया। घायल लिंगू राम भास्कर गमावाड़ा का निवासी है वह एनएमडीसी बचेली परियोजना के लोडिंग प्लांट में कार्यरत है।