महासमुन्द
स्कूल में 2 छात्रों के बीच विवाद का मामला
स्कूल प्रबंधन के खिलाफ परिजनों में आक्रोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी। महासमुंद जिले के ब्लेलॉक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। कक्षा 10 वीं के छात्र भावेश यादव ने स्कूल के प्राचार्य द्वारा कथित तौर पर अपमानित और प्रताडि़त किए जाने से क्षुब्ध होकर आत्महत्या कर ली। शनिवार 7 फरवरी की रात इलाज के दौरान छात्र ने दम तोड़ दिया। जिसके बाद से क्षेत्र में शोक और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भारी नाराजगी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक छात्र भावेश यादव पिता उमेश यादव रोज की तरह स्कूल गया था। बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में भावेश की दो अन्य छात्रों के साथ किसी बात को लेकर बहस और लड़ाई हो गई। मामला जब स्कूल प्रबंधन तक पहुंचा, तो परिजनों का आरोप है कि प्राचार्य ने निष्पक्षता बरतने के बजाय भावेश को ही पूरे विवाद का दोषी ठहराया। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्राचार्य ने भावेश को न केवल मानसिक रूप से प्रताडि़त किया। बल्कि सबके सामने उसे थप्पड़ भी जड़े। इस सार्वजनिक अपमान ने किशोर छात्र के मन पर गहरा आघात पहुंचाया।
स्कूल से लौटने के बाद भावेश काफ ी गुमसुम था। शाम करीब 7 बजे वह घर की छत पर गया और वहां चूहे मारने की दवा खा ली। रात में जब उसकी स्थिति बिगडऩे लगी, तो बदहवास परिजन उसे तत्काल शहर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की। लेकिन 24 घंटे से अधिक चले संघर्ष के बाद शनिवार रात उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद से ही परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। परिजनों का कहना है कि इतनी बड़ी घटना हो जाने के बाद भी स्कूल प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति अस्पताल नहीं पहुंचा। स्कूल प्रशासन ने पीडि़त परिवार से सहानुभूति के दो शब्द कहना भी उचित नहीं समझा। छात्रों के बीच के विवाद को सुलझाने के बजाय मारपीट का रास्ता चुनना प्राचार्य की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है।
कल रविवार को जिला मेडिकल कॉलेज में छात्र के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसके बाद करीब दोपहर 2 बजे शव को उसके पैतृक ग्राम ले जाया गया। जहां गमगीन माहौल में खट्टी कोकड़ी बागबाहरा ब्लॉक में उसका अंतिम संस्कार किया गया। पूरा गांव इस होनहार छात्र की मौत से स्तब्ध है।
पुलिस ने बताया कि रविवार अवकाश होने की वजह से स्कूल बंद है। सोमवार को स्कूल खुलने बाद वहां के स्टाफ से पूछताछ जाएगी। जांच में स्पष्ट होगा कि खुदकुशी का कारण क्या था।


