महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 9 फरवरी। शहर कांग्रेस कमेटी की एक आवश्यक बैठक विधायक कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें एसआईआर के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं खल्लारी विधायक द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष लखबीर सिंह छाबड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि एसआईआर के प्रथम प्रकाशन के पश्चात ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा बीएलए नियुक्त किए गए हैं। ये बीएलए सभी मतदान केंद्रों पर जाकर एसआईआर से संबंधित जानकारी आम जनता को देंगे तथा समस्याओं के निराकरण में सहयोग करेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि स्थानीय पीएम श्री स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक एवं अन्य शासकीय कार्यक्रमों में कांग्रेस के स्थानीय निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित नहीं किया जा रहा है, जबकि भाजपा नेताओं को मंच पर स्थान दिया जा रहा है। इस पक्षपातपूर्ण रवैये के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी (शहर) द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यह धरना-प्रदर्शन मंगलवार, 10 फरवरी को प्रात: 10.30 बजे, स्वामी आत्मानंद स्कूल के सामने आयोजित किया जाएगा। श्री छाबड़ा ने समस्त कांग्रेसजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। इसके साथ ही उन्होंने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस कमेटी के बीएलए के साथ मिलकर वार्डों में आ रही समस्याओं को समझने, सूची की समीक्षा करने तथा भौतिक सत्यापन में सहयोग करने की अपील की। बैठक में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष खिलेश्वरी ताम्रध्वज बघेल, उपाध्यक्ष देवेश साहू, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष दुर्गा सागर, पूर्व शहर अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ठाकुर, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष ताम्रध्वज बघेल, शहर मंडल अध्यक्ष मंताराम यादव, नवनीत सलूजा ,शिवा जगत , पोखराज साहू , पंकज हरपाल, गिरीश पटेल, पोखराज साहू, बी.आर. मांझी, मयंक शर्मा, पुष्पेंद्र चंद्राकर, दिनेश मोंगरे सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


