महासमुन्द
पम्प, गैस सिलेण्डर, चूल्हा, ड्रम, बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 9 फरवरी। थाना सांकरा पुलिस एवं एन्टी नारकोटिक टास्क फ ोर्स की संयुक्त टीम ने ग्राम लोहराकोटा जंगल, नदी किनारे छापा मारा। इस दौरान घटना स्थल से 105 लीटर अवैध महुआ शराब, एक नग वाटर पम्प, एक बिना नम्बर स्कूटी व एक एप्पल कंपनी का मोबाइल, शराब बनाने में प्रयुक्त 8 गैस सिलेण्डर, चूल्हा, 8 ड्रम, बर्तन व अन्य सामग्री जब्त करते हुए तीन आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत की है। इनमें से एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा सका है, बाकी दो फरार आरोपियों की पता-तलाश जारी है।
घटना स्थल पर ही लगभग 200 किग्रा महुआ लाहन पास को नष्ट किया गया है। नष्ट किए गये महुआ लाहन से लगभग 600 लीटर महुआ शराब बनाया जा सकता था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना सांकरा क्षेत्र के ग्राम लोहराकोटा क्षेत्र के जंगल में नदी किनारे में चुपचाप अवैध महुआ शराब बनाने का काम जारी था। मुखबिर की सूचना पर परसों 7 फरवरी की शाम 6 बजे थाना सांकरा पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फ ोर्स की संयुक्त टीम ने ग्राम लोहराकोटा के नदी किनारे रेड की कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल पर ही आरोपी तेजकुमार डडसेना लोहराकोटा जिला महासमुन्द को हिरासत में लिया है। जबकि फ रार दो आरोपी करण चौहान निवासी लोहराकोटा थाना सांकरा जिला महासमुन्द तथा रितेश सिन्हा ठाकुरदिया की तलाश जारी है।


