महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 10 फरवरी। पिथौरा से कसडोल एवं गिधोरी को जोडऩे वाले मार्ग की स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने असुविधा की बात कही है। ग्रामीणों के अनुसार सडक़ की स्थिति खराब होने के कारण इस मार्ग पर दोपहिया वाहनों से आवागमन भी कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि पिथौरा से गिरौदपुरी धाम तथा सोनाखान जाने वाला मार्ग भी इसी स्थिति में है। उनके अनुसार इस सडक़ पर चारपहिया वाहनों का संचालन संभव नहीं हो पा रहा है, जबकि लोग मजबूरी में दोपहिया वाहनों से आवागमन कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग गरियाबंद और बिलासपुर को जोड़ता है, लेकिन सडक़ की स्थिति के कारण यात्री बसों का नियमित संचालन नहीं हो पा रहा है। उनके अनुसार, कुछ बसें चालू होने के बाद सडक़ की खराब स्थिति से वाहनों को होने वाले नुकसान के कारण संचालन बंद कर दिया जाता है, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से उक्त मार्ग की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।


