महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,9 फरवरी। छत्तीसगढ़ शिक्षक संघ के गोपाल यादव, प्रमुख संगठन मंत्री ओंकार सिंह एवं प्रांताध्यक्ष संजय ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव से भेंट कर विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।
शिक्षा मंत्री ने संघ की मांग पर बताया कि सहायक शिक्षकों का लंबित तृतीय क्रमोन्नत वेतनमान को हरी झंडी मिल गई है। शीघ्र ही मंत्रिमंडलीय स्वीकृति हेतु कैबिनेट में प्रस्तुत की जाएगी। संगठन की मांग पर छत्तीसगढ़ शिक्षा आयोग का पुनर्गठन कर लिया गया है, इसकी घोषणा भी शीघ्र ही कर दी जाएगी। भर्ती पदोन्नति नियम 2025 के प्रकाशन से शिक्षक संवर्ग के संघर्ष पर विराम लगेगा। समस्त संवर्गों, शिक्षक से लेकर अपर संचालक तक के पदों पर पदोन्नति होगी। शिक्षा विभाग के प्रभारवाद की समाप्ति होगी।
एल बी संवर्ग की सेवा गणना प्रथम नियुक्ति तिथि से करने की मांग पर शिक्षा मंत्री कहा कि पेंशन प्रकरणों के निराकरण हेतु एनपीएस कटौती के समय अर्थात् 2012 से सेवा गणना की जायेगी। हाईस्कूल में संस्कृत विषय की व्याख्याता के पद को समाप्त कर दिया गया है जिसे पुन: सृजित करने पर सहमति जताई तथा भृत्य, लिपिक और स्वीपर के पद को भी पुनर्जीवित करने का आश्वासन दिया।
सहायक शिक्षक से ग्रंथपाल पर पदोन्नति,संविलियन किया गया है परंतु आज पर्यंत राजपत्र में इसका प्रकाशन नहीं हुआ है एवं कोई नियम नहीं बना है, इस मांग पर मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस पर समाधान कारक उपाय किए जाएंगे।
शिक्षक एल बी ग्रंथपाल को शिक्षक एल बी संवर्ग में समायोजित करने तथा राज्य अतिथि शिक्षक विद्या मितान संघ को संविदा कर्मचारियों की नियम शर्तों की भांति सुविधा प्रदान करने पर सार्थक चर्चा हुई।
प्रतिनिधि मंडल में कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी, प्रांतीय महामंत्री मनोज राय गरियाबंद जिला के संगठन मंत्री रूपेन्द्र साहू और सदस्य डी. बसंत साव उपस्थित थे। उक्ताशय की जानकारी कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उमेश भारती गोस्वामी ने दी है।


