महासमुन्द
11 सूत्रीय मांगों के साथ आंदोलन पर हैं सरकारी अधिकारी-कर्मचारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 30 दिसंबर। आज दूसरे दिन भी महासमुंद जिला मुख्यालय के सभी दफ्तरों और स्कूलों में सन्नाटा पसरा हुआ है। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आव्हान पर अपनी 11 सूत्रीय मांगों को लेकर कल सोमवार से जिला संयोजक टेकराम सेन के नेतृत्व में जिला भर के कर्मचारी अधिकारी प्रदर्शन कर रहे हैं।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन ने बताया कि मोदी की गारंटी के तहत महंगाई भत्ता सहित अन्य 11 सूत्रीय मांगों को पूरा करने का वादा किया गया था लेकिन सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के बावजूद भी पूरा नहीं कर कर्मचारी अधिकारियों के मांगों को अनदेखी कर रही है। उन्होंने बताया कि यह कर्मचारी जगत के लिये निर्णायक लड़ाई है। मांगें पूरी नहीं होने पर अतिशीघ्र फेडरेशन द्वारा अनिश्चितकालीन आंदोलन की घोषणा की जायेगी। उन्होंने बताया कि कर्मचारी अधिकारियों के हड़ताल से सरकार कामकाज ठप्प हो चुका है। आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जिसके लिये शासन स्वयं जिम्मेदार है। कर्मचारी नेता प्रमोद तिवारी, अशोक गिरि गोस्वामी, शिव साहू, मनीष ठाकुर, चमन लाल चंद्राकर, सिराज बक्स, चिन्ताराम साहू, दिलीप तिवारी, दीपक तिवारी, संदीप तिवारी, एस. पी.ध्रुव, ईश्वर चंद्राकर ने कहा कि सरकार की नीति वर्तमान समय में कर्मचारी विरोधी हो चुकी है। लगातार छह वर्षों से कर्मचारियों का महंगाई भत्ता एरियर्स नहीं दिया जाना अत्यंत पीड़ादायी एवं निंदनीय है। कर्मचारी जगत अपनी मूलभूत मांगों के लिये जूझ रहा है।
फेडरेशन के महामंत्री दिलीप तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों की मांगों पर विचार नहीं करने की स्थिति में प्रदेश भर में आंदोलन उग्र किया जायेगा। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन एवं प्रवक्ता सिराज बक्स ने सभी कर्मचारियों से अपील की है कि आंदोलन के लिये सामूहिक अवकाश लेने के पश्चात आप अपनी उपस्थिति आंदोलन धरना स्थल पर दें अन्यथा हड़ताल उपस्थिति पंजी से मिलान कर उच्चाधिकारियों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया जायेगा। प्रथम दिवस के आंदोलन को सफल बनाने में सभी मान्यता प्राप्त संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से हेमेन्द्र आचार्य, मिलाप यादव, राजेश सोनी, नगर पालिका, कौशल शुक्ला, राजेश डड़सेना, गैमून सिंह कागजी, तोषण गिरि गोस्वामी, भोजराज पटेल, भोलानाथ नायक, नेहरू लाल चौधरी, चन्द्रसाय मांझी, सरायपाली, उमेश साहू, अविनाश लाल, राम नारायण चंद्राकर, राधेश्याम सोनी, अनिल कोसरिया, आकांक्षा साहू, योगेश्वरी गोस्वामी, दिनेश्वरी देवांगगन सहित सभी संगठनों के पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित थे ।


