महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 जनवरी। आम आदमी पार्टी का छत्तीसगढ़ बचाव यात्रा का आगाज़ कल रविवार को हुआ। यह यात्रा ग्राम पंचायत घोड़ारी से शुरू की गई। इस दौरान ग्रामीणों से चर्चा में कई खामियां नजर आई। प्रदेश के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चंद्राकर ने विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी है कि चाहे वह जल नल का मामला हो नाली का या धान खरीद का ऐसे कई मामले सामने आए जिसे हमारे प्रदेश और जिला के पदाधिकारियों द्वारा संज्ञान में लिया गया। अब इन्हीं मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी मैदान में हैं। यह यात्रा रैली के रूप में हर गांव शहर तक पहुंचेगी। कल इसकी शुरुआत बहुत ही बढिय़ा ढंग से हुई। अब तो लोगों का रुझान भी हमारी पार्टी की तरफ है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा कल महासमुंद जिले के चारों विधानसभा में कई गंाव में छत्तीसगढ़ बचाओ यात्रा निकाली गई जिसमें संगठन विस्तार के तहत कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा गया और वहां की समस्याओं को नोट किया गया। यह यात्रा लगातार दो माह तक चलेगा जिसमें जिले के सभी 1145 गांवों में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जाएंगे और हर 15 दिनों में एक समीक्षा बैठक करके लोगों की समस्याएं सुनेंगे। जहां से शिकायत अधिक मिलेंगी वहां के लोगों के साथ कलेक्टर या जिला पंचायत में ज्ञापन सौंपा जाएगा। कल के कार्यक्रम में राज्य के उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चंद्राकर, जिलाध्यक्ष राकेश झाबक,महिला जिला अध्यक्ष मेघा चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष पूनाराम, ब्लाक अध्यक्ष मीडिया प्रभारी शेख अजीम एवं अन्य सभी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


